बंगलौर, 19 मई (आईएएनएस)। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के तहत यहां के चिन्नास्वामी स्टेडियम पर दिल्ली डेयर डेविल्स और बंगलौर रॉयल चैलेंजर्स के बीच खेले जा रहे अहम मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करती हुई बंगलौर की टीम ने निर्धारित 20 ओवरों में 7 विकेट के नुकसान पर 154 रन बना लिए।
दिल्ली को यह मैच जीतने के लिए 155 रन बनाने होंगे। बंगलौर की तरफ से श्रीवत्स गोस्वामी ने सर्वाधिक 52 रन बनाए। जबकि विस्फोटक बल्लेबाज मिस्बाह उल हक ने ताबड़तोड़ 47 रन बनाए। उन्होंने 25 गेंदों का सामना किया और चार छक्के भी लगाए। जैक कैलिस ने 21 गेंदों में 25 रनों का योगदान दिया।
दिल्ली की ओर से ग्लेन मैकग्रा और परवेज माहरूफ ने कसी हुई गेंदबाजी की। मैकग्रा ने चार ओवरों में 15 रन देकर दो विकेट लिए जबकि माहरूफ ने चार ओवरों में 13 रन देकर दो विकेट चटकाए।
इससे पहले, दिल्ली डेयर डेविल्स के कप्तान वीरेंद्र सहवाग ने टॉस जीतकर पहले क्षेत्ररक्षण का फैसला किया।
आईपीएल के सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए दिल्ली को आज का मैच हर हाल में जीतना होगा। उसके लिए करो या मरो वाली स्थिति है। आज के मैच में उसने दो बदलाव किए। शोएब मलिक की जगह ए. बी. डिविलियर्स को और अमित मिश्रा की जगह योमाहेश को टीम में शामिल किया।
उधर, बंगलौर की टीम में चार बदलाव किए गए। डेल स्टेन, श्रीवत्स गोस्वामी, बी. अखिल और भारत चिपली को टीम में शामिल किया गया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।