मेलबर्न, 19 मई (आईएएनएस)। सटोरियों के साथ संबंध रखने के मामले में दोषी वेस्टइंडिज के बल्लेबाज मर्लान सैमुएल्स खुद पर लगे दो साल के प्रतिबंध को अदालत में चुनौती देंगे।
आस्ट्रेलियाई समाचार पत्र 'हेराल्ड सन' के अनुसार सैमुएल्स ने दो साल के प्रतिबंध को कानूनी चुनौती देने का निर्णय कर लिया है। समाचार पत्र के अनुसार सैमुएल्स पर प्रतिबंध लगाने वालों में से एक सदस्य का उन्हें समर्थन मिल सकता है।
गौरतलब है कि वेस्टइंडिज क्रिकेट बोर्ड (डब्ल्यूआईसीबी) की अनुशासन समिति ने सैमुएल्स को दोषी पाया था। इस समिति में पूर्व कप्तान रिची रिचर्डसन भी शामिल थे। उन्होंने बाद में सैमुएल्स का समर्थन करते हुए कहा था कि अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) के कड़े कानून इस प्रतिबंध के लिए जिम्मेदार हैं।
भारत और वेस्टइंडिज के बीच जनवरी 2007 में नागपुर में हुए एकदिवसीय मैच में सट्टेबाज मुकेश कोच्चर के साथ संबंध रखने के आरोप में सैमुएल्स दोषी पाए गए थे। वैसे जांच में डब्ल्यूआईसीबी ने यह नहीं पाया कि सैमुएल्स ने गलत उदेश्य से कोई काम किया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।