आईपीएल : राजस्थान रॉयल्स ने मुंबई इंडियंस को पांच विकेट से हराया (लीड-1)
जयपुर, 27 मई (आईएएनएस)। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के एक बेहद रोमांचक मैच में राजस्थान रॉयल्स ने मुंबई इंडियंस को पांच विकेट से हरा दिया। हार-जीत का फैसला खेल के अंतिम गेंद में हुआ।
जीत के लिए 146 रनों के लक्ष्य का पीछा करती हुई राजस्थान रॉयल्स की टीम को मुकाबले के अंतिम ओवर में 15 रन बनाने थे। ऐसे में जीत मुश्किल लग रही थी, लेकिन मुंबई की टीम को किस्मत धोखा दे गई। इस ओवर में एक छक्का लगा और एक गेंद वाइड करार दे दिया गया। इसके बाद अंतिम गेंद पर दो रन बना राजस्थान की टीम मैच जीत गई।
इससे पहले राजस्थान रॉयल्स के तेज गेंदबाज सोहेल तनवीर की कसी हुई गेंदबाजी के आगे मुंबई इंडियंस की टीम आज बड़ा स्कोर खड़ा नहीं कर पाई। निर्धारित 20 ओवरों में मुंबई ने सात विकेट के नुकसान पर 145 रन बनाए थे।
इस तरह कप्तान सचिन तेंदुलकर और विस्फोटक बल्लेबाज सनत जयसूर्या की सधी हुई शुरुआत के बावजूद मुंबई इंडियंस की टीम सस्ते में निपट गई थी।
मुंबई की ओर से जयसूर्या ने सर्वाधिक 38 रनों की पारी खेली। हालांकि जिस आक्रामक अंदाज के लिए वह जाने जाते हैं आज वह नहीं दिखा पाए। उन्होंने मात्र चार चौके लगाए। सचिन ने 30 रन बनाए। दोनों बल्लेबाजों ने पहले विकेट के लिए 71 रनों की साझेदारी की।
उधर राजस्थान की ओर से सोहेल तनवीर ने घातक गेंदबाजी का प्रदर्शन किया और मुंबई के चार बल्लेबाजों को पवेलियन की राह दिखाई। उन्होंने चार ओवरों में महज 14 रन दिए। एस. के. त्रिवेदी को दो विकेट जबकि कप्तान शेन वार्न को मात्र एक विकेट मिला।
सवाईमान सिंह स्टेडियम में राजस्थान रॉयल्स और मुबंई इंडियंस के बीच इंडियन प्रीमियर लीग के अंतर्गत खेले जा रहे इस महत्वपूर्ण मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स के कप्तान शेन वार्न ने टॉस जीता और पहले क्षेत्ररक्षण का फैसला किया।
मुंबई ने आज अपनी टीम में चार महत्वपूर्ण बदलाव किए थे। योगेश तकवाले, मनीष पांडेय, दिलहारा फर्नाडो और रोहन राजे को टीम में स्थान दिया गया था।
उधर, राजस्थान की टीम में भी चार बदलाव किए गए। शेन वाटसन की टीम में वापसी की गई थी। वाटसन के अलावा नीरज पटेल, सिद्धार्थ त्रिवेदी और रविंद्र जडेजा को टीम में शामिल किया गया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications