हैदराबाद, 25 मई (आईएएनएस)। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के एक रोमांचक मैच में बंगलौर रॉयल चैलेंजर्स डेक्कन चार्जर्स को हराकर अंक तालिका में सातवें स्थान पर पहुंच गई है।
प्रतियोगिता में सबसे निचले स्थान पर जाने से बचने के लिए रॉयल चैलेंजर्स को यह मैच जीतना जरूरी था।
डेक्कन चार्जर्स ने बंगलौर रॉयल चैलेंजर्स के सामने जीत के लिए 166 रनों का लक्ष्य रखा था जिसे बंगलौर ने पांच विकेट के नुकसान पर छह गेंद रहते हासिल कर लिया।
हालांकि तीसरे ओवर में ही रॉयल चैलेंर्ज के सलामी बल्लेबाज वसीम जाफर आउट हो गए, लेकिन इसके बाद कैलिस और मिस्बाह उल हक ने कमान संभाली और स्कोर को आगे बढ़ाना शुरू किया।
कालिस जब 31 के निजी स्कोर पर रन आउट हुए तब उनका साथ कप्तान राहुल द्रविड़ ने दिया। मिस्बाह 28 गेंद में 34 रन बनाकर रवि तेजा की गेंद के शिकार बने, लेकिन द्रविड़ की बल्लेबाजी जारी रही।
इसके बाद 31 रन पर द्रविड़ के आउट होने के बाद कैमरून वाइट और बालचंद्रन अखिल ने टीम की नैया पार लगाई।
इससे पहले डेक्कन चार्जर्स ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी की और निर्धारित 20 ओवरों में 165 रन बनाए थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*