आईपीएल : बाकी मैचों में नहीं खेल सकेंगे हरभजन (लीड-1)
नई दिल्ली, 28 अप्रैल (आईएएनएस)। किंग्स इलेवन पंजाब के खिलाड़ी श्रीसंत को थप्पड़ मारने के मामले में मुंबई इंडियंस के कार्यवाहक कप्तान हरभजन सिंह को इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के इस सत्र के बाकी मैचों से बाहर कर दिया गया है।
प्रतियोगिता को बीच में ही छोड़ने के कारण हरभजन को 3 करोड़ रुपये का नुकसान झेलना पड़ेगा। हालांकि अभी मामला खत्म नहीं हुआ है। भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) ने अधिवक्ता सुधीर नानावती की अगुआई में थप्पड़ मामले की जांच के लिए एक समिति बनाई है।
आज के निर्णय के बारे में आईपीएल के आयुक्त ललित मोदी ने कहा, "वीडियो फुटेज के अनुसार हरभजन ने श्रीसंत से हाथ मिलाने के बदले उन्हें थप्पड़ लगा दिया।"
उन्होंने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) के कानून के तहत हरभजन ने 4.2 धारा का उल्लंघन किया है, जिस कारण उन्हें दोषी माना गया। आईसीसी का यह कानून मैदान में खिलाड़ियों पर होने वाले शारीरिक र्दुव्यवहार और हमले से जुड़ा है जिसे गंभीर अपराध माना जाता है।
इससे पहले आईपीएल के मैच रेफरी फारूख इंजीनियर ने मामले की सुनवाई की। हरभजन के साथ 'मुंबई इंडियंस' टीम के प्रशिक्षक लालचंद राजपूत को भी खेल भावनाओं के विरूद्ध कदम उठाने का दोषी माना गया है। राजपूत पर 60 फीसदी मैच शुल्क का जुर्माना लगाया गया।
हरभजन ने कहा, "मैं मानता हूं कि मुझसे गलती हुई और इसके लिए मुझे सजा दी गई। बोर्ड ने हमेशा मेरी सहायता की है और इस बार भी बोर्ड ने उचित निर्णय लिया है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications