नई दिल्ली, 26 अप्रैल (आईएएनएस)। यूं तो भारतीय स्पिन गेंदबाज हरभजन सिंह अपने व्यवहार के कारण विवादों से घिरे रहे हैं। लेकिन श्रीसंत को कथित रूप से थप्पड़ जमाने के बाद उनके र्दुव्यवहार की फेहरिस्त में एक और घटना जुड़ गई है।
शुक्रवार को 'मुंबई इंडियंस' और 'किंग्स इलेवन' के बीच मोहाली में खेले गए एक आईपीएल मैच के बाद हरभजन ने श्रीसंत को कथित रूप से थप्पड़ मारा था। इस घटना के बाद कहा जा रहा है कि छोटी छोटी बातों को लेकर हरभजन अपना संतुलन खो बैठते हैं।
केवल दो महीने पहले आस्ट्रेलिया दौरे के दौरान हरभजन पर आस्ट्रेलियाई क्रिकेट टीम के खिलाड़ी एंड्रयू साइमंड्स पर नस्ली टिप्पणी करने का आरोप लगा था। तब इस मामले ने काफी तूल पकड़ी थी।
भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) और पूरी टीम प्रबंधन इस मामले में हरभजन के साथ खड़ी थी। मामले की गंभीरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि उक्त दौरा रद्द होने के कगार पर पहुंच गया था।
आस्ट्रेलिया के दौरे से वापस आने के बाद हरभजन की जबान एक बार फिर फिसली। उन्होंने यह कहकर सबको सकते में डाल दिया कि आस्ट्रेलिया के विकेट कीपर और महान बल्लेबाज एडम गिलक्रिस्ट भी संत नहीं हैं।
गौरतलब है कि 28 वर्षीय हरभजन सिंह का विवादों से काफी गहरा रिश्ता रहा है। आस्ट्रेलियाई कप्तान रिकी पोंटिंग के साथ उनका वाक्युद्ध किसी से छिपा नहीं है। वर्ष 1998 में हरभजन और रिकी के बीच आरोप-प्रत्यारोप का लंबा दौर चला था।
गेंदबाजी की विशिष्ट शैली को लेकर भी हरभजन टीम से बाहर रह चुके हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।