आईपीएल : राजस्थान रायल्स ने दिल्ली डेयर डेविल्स को हराया
जयपुर, 11 मई (आईएएनएस)। जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में खेले गए एक रोमांचक मुकाबले में राजस्थान रायल्स की टीम ने दिल्ली डेयर डेविल्स को तीन विकेट से हरा दिया।
डेयर डेविल्स द्वारा दिए गए 157 रनों के लक्ष्य का पीछा करती हुई राजस्थान रायल्स की टीम ने पांच गेंद शेष रहते ही यह मैच जीत लिया। उसकी ओर से शेन वाटसन ने शानदार 74 रन बनाए।
राजस्थान रायल्स की ओर से वाटसन ने शानदार आलराउंड खेल का प्रदर्शन किया। वाटसन ने पहले दिल्ली डेयर डेविल्स के दो विकेट चटकाए और फिर 40 गेंदों में पांच छक्कों व पांच चौकों की मदद से 74 रन बनाए।
वाटसन को उनके इस हरफनमौला प्रदर्शन के लिए मैन आफ द मैच के खिताब से नवाजा गया।
राजस्थान के लिए ग्रीम स्मिथ दूसरे सबसे सफल बल्लेबाज रहे। उन्होंने तीन चौकों की मदद से 27 गेंदों में 24 रन बनाए।
दिल्ली की तरफ से ए. मिश्रा सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने दो विकेट चटकाए। कप्तान वीरेन्द्र सहवाग और परवेज महरूफ को एक-एक विकेट से संतोष करना पड़ा।
इससे पहले, राजस्थान रायल्स की कसी हुई गेंदबाजी के सामने डेयर डेविल्स का कोई भी बल्लेबाज जमकर नहीं खेल सका। डेयर डेविल्स के खिलाड़ियों ने निर्धारित 20 ओवरों में सात विकेट के नुकसान पर 156 रन का स्कोर बनाया।
डेयर डेविल्स की टीम में शामिल किए गए तेज गेंदबाज परवेज महरूफ ने अंतिम ओवरों में तेजी से बल्लेबाजी की। उन्होंने 16 गेंदों में चार छक्कों व दो चौकों की मदद से सर्वाधिक 39 रन बनाए।
कप्तान वीरेन्द्र सहवाग के साथ बल्लेबाजी करने उतरे गौतम गंभीर ने 23 गेंदों में 31 रन बनाए। सहवाग ने 20 गेंदों में 17 रन बनाए।
राजस्थान रायल्स की ओर से दमित्री मसकरेनहस, एस. वाटसन और एस. के. त्रिवेदी ने दो-दो विकेट लिए।
राजस्थान रायल्स के कप्तान शेन वार्न ने टास जीता और पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया है।
राजस्थान रायल्स की टीम में सोहेल तनवीर की जगह मसकरेनहस को मौका दिया गया। जबकि डेयर डेविल्स की टीम ने दो बदलाव किए। तेज गेंदबाज मोहम्मद आसिफ की जगह परवेज महरूफ और शोएब मलिक की जगह तिलकरत्ने दिलशान को टीम में शामिल किया गया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications