ओलंपिक मशाल एवरेस्ट पर पहुंची, चीन ने दी पर्वतारोहियों को बधाई (लीड)
बीजिंग, 8 मई (आईएएनएस)। चीन के उपराष्ट्रपति सी जिनपिंग ने ओलंपिक मशाल को सफलतापूर्वक विश्व की सबसे ऊंची चोटी माउंट एवरेस्ट पर पहुंचाने वाले पर्वतारोहण दल के सदस्यों को बधाई दी है।
सी ने पर्वतारोहियों को भेजे अपने संदेश में कहा, "यह ओलंपिक खेलों के इतिहास की एक दुर्लभ घटना है। यह चीन के लोगों द्वारा ओलंपिक और शेष विश्व को एक शानदार तोहफा है।"
इससे पहले 12 पर्वतारोहियों का एक दल आज सुबह 9.17 बजे विशेष हवा रोधी मशालों को लेकर 8,848 मीटर की ऊंचाई पर स्थित पर्वत शिखर पर पहुंचा। इनमें से आठ तिब्बती थे। दल ने शिखर पर लगभग 30 मीटर की मशाल दौड़ भी पूरी की।
सी ने चीन की संघीय सरकार और कम्युनिस्ट पार्टी की ओर से माउंट एवरेस्ट पर मशाल ले जाने में सहयोग करने वाले सभी लोगों का धन्यवाद दिया।
पर्वतारोहियों के सम्मान में सी ने कहा, "उन्होंने ओलंपिक खेलों के ध्येय सबसे तेज, सबसे ऊंचा और सबसे ताकतवर और इनकी भावना शांति, मित्रता और तरक्की को चरितार्थ किया है।"
चीन के सरकारी टेलीविजन ने पर्वतारोहियों के एवरेस्ट अभियान के कुछ जीवंत चित्र भी प्रसारित किए। सभी पर्वतारोही अपने साथ बीजिंग ओलंपिक खेलों के झंडे लेकर गए थे। उन्होंने दुनिया के सर्वोच्च शिखर पर खड़े होकर हल्के हिमपात के बीच लोगों को सद्भावना का संदेश भी दिया।
समाचार एजेंसी डीपीए के अनुसार पर्वतारोहियों का नेतृत्व ल्हासा पर्वतारोहण प्रशिक्षण संस्थान के प्रमुख निमा सिरेन कर रहे थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications