नई दिल्ली, 24 मई (आईएएनएस)। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के एक अहम मैच में दिल्ली डेयरडेविल्स ने मुंबई इंडियंस को पांच विकेट से हरा कर श्रृंखला के अंतिम चार में अपनी दावेदारी मजबूत कर ली है।
नई दिल्ली के फिरोजशाह कोटला मैदान में आज खेले गए ट्वेंटी 20 क्रिकेट मैच में जीत के लिए 177 रनों के लक्ष्य का पीछा करती हुई दिल्ली डेयरडेविल्स ने एक गेंद शेष रहते 179 रन बना लिए और मैच जीत ली।
इससे पहले दिल्ली डेयरडेविल्स ने टॉस जीतकर पहले क्षेत्ररक्षण करने का फैसला किया था।
उधर चेन्नई में खेले गए एक अन्य मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स ने चेन्नई सुपर किंग्स को 10 रनों से हराकर अंक तालिका में अपनी शीर्ष स्थिति बरकरार रखी है।
चेन्नई के एम. ए. चिदंबरम स्टेडियम में आज खेले गए ट्वेंटी 20 क्रिकेट मैच में राजस्थान रॉयल्स के 212 रनों की चुनौती का पीछा करती हुई चेन्नई की टीम जीत से केवल 10 रन पीछे रह गई।
राजस्थान रॉयल्स ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवरों में पांच विकेट के नुकसान पर 211 रन बनाए थे। लेकिन चेन्नई सुपर किंग्स सात विकेट के नुकसान पर 201 रन ही बना पाई। चेन्नई की ओर से मॉर्कल ने अंत में जी जान से कोशिश की लेकिन अपनी टीम को जीत दिलाने में सफल नहीं हुए। मॉर्केल ने दो विकेट लिए जबकि रैना की झोली में एक विकेट गया।
इस जीत के बाद राजस्थान रॉयल्स ने आईपीएल के अंक तालिका में शीर्ष पर अपनी स्थिति मजबूत कर ली है जबकि चेन्नई की जगह सेमीफाइनल में अभी भी पक्की नहीं हुई है।
इससे पहले टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने के लिए उतरी राजस्थान रॉयल्स ने चेन्नई सुपर किंग्स के सामने जीत के लिए 212 रनों का लक्ष्य रखा था। राजस्थान रायल्स ने बीस ओवरों में पांच विकेट के नुकसान पर शानदार 211 रन बनाए थे। ग्रेम स्मिथ ने 51 गेंदों में शानदार 91 रन बनाए। कामरान अकमल और स्वप्निल असनोदकर ने क्रमश: 53 और 41 रनों का योगदान दिया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।