सुपर किंग्स ने नाइट राइर्ड्स के सामने 149 रनों का लक्ष्य रखा। जवाब में खेलने उतरी नाइट राइर्ड्स टीम निर्धारित 17 ओवरों में नौ विकेट पर 114 ही बना सकी। उसके लिए रोबिन उथप्पा ने सबसे अधिक 47 रन बनाए। उनके अलावा सिर्फ यूसुफ पठान (41) दोहरा अंक छू सके।आईपीएल-7 में सुपर किंग्स की यह छह मैचों में लगातार पांचवीं जीत है जबकि नाइट राइर्डस को चौथी हार मिली है।
नाइट राइर्ड्स की शुरूआत खराब रही। कप्तान गौतम गम्भीर (6) दुर्भाग्यपूर्ण तरीके से 18 रन के कुल योग पर रन आउट हुए। इसके बाद जैक्स कैलिस (4) और उथप्पा ने दूसरे विकेट के लिए 18 रन जोड़े लेकिन रविचंद्रन अश्विन की गेंद को मैदान के बाहर भेजने के प्रयास में कैलिस 36 के कुल योग पर मिथुन मन्हास द्वारा लपक लिए गए।
कुल योग में अभी दो रन ही जोड़े थे कि रवींद्र जडेजा ने मनीष पांडेय (1) को ब्रेंडन मैक्लम के हाथों कैच करा दिया। अगली ही गेंद पर जडेजा ने शाकिब अल हसन (0) को मोहित शर्मा के हाथों कैच कराकर अपनी टीम को चौथी सफलता दिलाई।
सूर्यकुमार यादव (8) और उथप्पा ने पांचवें विकेट के लिए सम्भलकर खेलते हुए नुकसान की भरपाई की कोशिश की लेकिन 27 रनों की साझेदारी होने के साथ यादव को जडेजा ने चलता कर दिया। यादव ने 13 गेंदों का सामना किया।
उथप्पा का विकेट 88 के कुल योग पर गिरा। उथप्पा ने 38 गेंदों का सामना कर पांच चौके और एक छक्का लगाया। इसके बाद 91 के कुल योग पर आंद्रे रसेल (1) आउट हुए।
एक छोर पर यूसुफ खुलकर रन बनाने का प्रयास कर रहे थे लेकिन लक्ष्य उनके दूर निकलता जा रहा था। दूसरे छोर पर लगातार विकेटों का गिरना जारी था। रसेल की विदाई के कुल योग पर में 22 रन जुड़े थे कि मोहित शर्मा ने पीयूष चावला (1) को आउट कर दिया।
चावला का विकेट पारी के अंतिम ओवर की चौथी गेंद पर गिरा और फिर पांचवीं गेंद पर मोहित ने पठान को भी पवेलियन की राह दिखाई। पठान ने 29 गेदों का सामना कर चार छक्कों और एक चौके की मदद से 41 रन बनाए। मोहित ने तीन विकेट हासिल किए।
इससे पहले, ब्रेंडन मैक्लम (56), सुरेश रैना (31), महेंद्र सिंह धौनी (नाबाद 22) और जडेजा (नाबाद 17) की तेज पारियों की मदद से चेन्नई सुपर किंग्स टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 17 ओवरो में तीन विकेट पर 148 रन बनाए।
बारिश के कारण जाया हुए समय की भरपाई को देखते हुए इस मैच को 17-17 ओवर का निर्धारित किया गया।
मैक्लम ने 40 गेंदों पर पांच चौके और दो छक्के लगाए जबकि उनके जोड़ीदार ड्वायन स्मिथ ने 11 गेंदों पर दो चौकों और एक छक्के के मदद से 16 रन बनाए। रैना ने 25 गेंदों की तेज पारी में चार चौके और एक छक्का लगाया।
कप्तान धौनी ने अपनी 17 गेंदों की नाबाद पारी में एक चौका और एक छक्का लगाया जबकि जडेजा ने 10 ओवरो में एक चौका और एक छक्का लगाया।
स्मिथ का विकेट 20 के कुल योग पर गिरा। इसके बाद रैना और मैक्लम ने दूसरे विकेट के लिए 49 गेंदों पर 70 रनों की साझेदारी की। रैना 90 के कुल योग पर आउट हुए। सुपर किंग्स का तीसरा विकेट 119 रनों के कुल योग पर मैक्लम के रूप में गिरा।
इसके बाद कप्तान और जडेजा ने कोई और नुकसान नहीं होने दिया। दोनों ने 16 गेंदों पर 21 रनों की नाबाद साझेदारी की। नाइट राइर्डस की ओर से शाकिब अल हसन ने दो विकेट लिए जबकि रसेल को एक सफलता मिली।
दोनों टीमों के बीच आईपीएल में अब तक 14 मैच हुए हैं, जिनमें सुपर किंग्स ने नौ मैच जीते हैं, जबकि नाइट राइर्डस को चार में जीत मिली है। एक मैच रद्द हो गया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।