हांगकांग, 2 अप्रैल (आईएएनएस)। अगस्त में बीजिंग में हो रहे ओलंपिक खेलों में विभिन्न प्रतियोगिताओं में भाग ले रहे घोड़ों को अत्यधिक लाड़ प्यार के साथ छ: सितारा सुविधा वाले तबेलों में रखा जाएगा। यह जानकारी संबंधित अधिकारियों द्वारा आज यहां दी गई।
मई में हांगकांग अश्वारोहण समिति को सौंपे जाने वाले इन तबेलों में वातानुकूलक संयंत्र और रबर की दीवारें और फर्श बनाए गए हैं ताकि घोड़ों को किसी भी प्रकार की चोटों से बचाया जा सके।शाटिन और बीस नदी के किनारे स्थित इन प्रतियोगिता स्थलों के निर्माण पर हांगकांग के जॉकी क्लब ने लगभग 80 करोड़ हांगकांग डालर (10.2 करोड़ अमेरिकी डालर) खर्च किए हैं।
जॉकी क्लब के मैनेजर टोनी शिया ने कहा कि कई देशों के प्रतिनिधियों ने इन जगहों का निरीक्षण कर लिया है और वे इन सुविधाओं से संतुष्ट हैं।
शिया ने कहा कि पहली बार ऐसा हुआ है कि घोड़ों के रहने की जगह पर उनके खेलने के लिए 'रोलिंग बाक्सेस' की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा सभी चार प्रवेश द्वारों पर ऐसे ब्लाक बनाये गए हैं जो तबेले के तापमान को 23 डिग्री सेल्सियस पर बरकरार रखने में मदद करते हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।