वेस्टइंडीज ने दी इंग्लैंड को शर्मनाक हार, क्रिस गेल ने तूफानी पारी से बनाया नया रिकॉर्ड
नई दिल्ली। वेस्टइंडीज और इंग्लैंड के बीच जारी वनडे सीरीज के मैचों में चौंकाने वाले प्रदर्शन का दौर जारी है। खासकर जब तक क्रिस गेल जैसा बल्लेबाज क्रीज पर मौजूद है तब तक कुछ भी हो सकता है। ये चीज हमने इन दोनों टीमों के बीच चौथे मुकाबले में भी देखी थी। इस मैच में 419 रनों की पहाड़ सरीखे लक्ष्य का पीछा करने उतरी विंडीज की टीम एक समय गेल की बदौलत जीत की कगार पर पहुंच गई थी। गेल ने इस मैच में 97 गेंदों पर 162 रनों की पारी खेली थी।

27 गेंदों में 77 रनों की पारी-
अब सीरीज के पांचवें और अंतिम वनडे मैच में वेस्टइंडीज ने इंग्लिश टीम को बुरी तरह से रौंदकर सीरीज को बचा लिया है। कैरेबियाई टीम ने केवल 28.1 ओवर में इंग्लिश टीम को 113 रनों पर ढेर कर दिया। जवाब में क्रिस गेल की तूफानी पारी के चलते मेजबान टीम ने केवल 12.1 ओवर में ही लक्ष्य हासिल कर लिया और इंग्लैंड की टीम को 7 विकेट से करारी शिकस्त दी। गेल ने इस मैच में धुंआधार पारी खेलते हुए 27 गेंदों में 77 रनों की पारी खेली। अपनी इस पारी के दौरान गेल ने 5 चौके और 9 छक्के जड़े।

सबसे कम गेंदों में अर्धशतक-
इसके साथ ही गेल ने एक शानदार रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। अपनी धरती पर करियर का अंतिम वनडे खेल रहे गेल ने 19 गेंद में ही अपना अर्धशतक पूरा कर ये रिकॉर्ड बनाया। गेल अब वनडे में सबसे कम गेंद में पचास रन पूरे करने वाले पहले कैरेबियाई खिलाड़ी बन गए हैं। अपना अर्धशतक पूरा करने तक उन्होंने 6 छक्के और तीन चौके जड़े थे। इस दौरान शाइ होप ने (7) की पारी खेली। जबकि डेरेन ब्रावो (नाबाद 7) और हेटमायर (नाबाद 11) बनाकर पवेलियन लौटे। वेस्टइंडीज को 12.1 ओवर में 3 विकेट के नुकसान पर लक्ष्य हासिल कर लिया और इसके साथ ही सीरीज भी 2-2 से बराबर कर ली।
INDvAUS: जीत के हीरो जाधव ने कोहली को अपने प्रदर्शन का श्रेय देते हुए कही ये बात

थॉमस का गेंदबाजी में कमाल-
इससे पहले वेस्टइंडीज ने टॉस जीतकर पहले इंग्लैंड को बल्लेबाजी के लिए बुलाया था। दुनिया की नंबर एक इंग्लैंड की टीम से इस बार भी उम्मीदें थी कि ये एक बार फिर वेस्टइंडीज को बड़ा टारगेट जीत के लिए देगी लेकिन इस बार ऐसा नहीं हुआ। वेस्टइंडीज ने तीसरे ओवर में 16 रन पर पहला विकेट हासिल किया। इसके बाद तो इंग्लैंड की टीम ताश के पत्तों की तरह ढह गई। वेस्टइंडीज की तरफ से ओशाने थॉमस ने 5.1 ओवर में 21 रन देकर 5 विकेट अपने नाम किया। इस तरह 28.1 ओवर में इंग्लैंड की पूरी टीम 113 रन पर सिमट गई।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications
