
सड़क से कचरा उठाने को मजबूर हुए थे क्रिस गेल
हाल ही में एक इंटरव्यू के दौरान क्रिस गेल ने अपने संघर्ष के बारे में जानकारी दी कि मौजूदा समय में वो किंग्सटन में एक आलीशान घर के मालिक हैं, उनके पास कई कारें हैं लेकिन बचपन में उन्होंने जिस स्तर की गरीबी देखी है उसका अंदाजा लगाना भी मुश्किल है।
क्रिस गेल ने बताया,' मेरा जन्म एक बेहद ही गरीब परिवार में हुआ था जो कि एक कच्ची झोपड़ी में रहा करता था। मेरी मां मां मूंगफली बेच कर परिवार चलाती थी। गरीबी के चलते ही मैं पढ़ाई पूरी नहीं कर सका और सिर्फ 10वीं तक ही पढ़ाई की। मेरे माता-पिता के पास स्कूल फीस देने के लिये पैसे नहीं थे। बचपन में अपना पेट पालने के लिए सड़क पर कचरा तक बीनना पड़ा। मैं प्लास्टिक की बोतल उठाता था और उन्हें बेच कर जो पैसे मिलते उसे खाने का सामान लेता था।'

पेट भरने के लिये किया खाना चोरी
इस इंटरव्यू के दौरान क्रिस गेल ने उस किस्से के बारे में भी जानकारी दी जब भूख मिटाने के लिये उन्हें चोरी करनी पड़ी। गेल अपने बचपन की कहानी बताते हुए उस इंटरव्यू में रो पड़े थे।
उन्होंने कहा,' एक बार मुझे बहुत जोर से भूख लगी थी और घर पर खाने के लिए कुछ भी नहीं था। मेरी जेब में पैसे नहीं थे कि मैं कुछ खरीद सकूं। ऐसे में मुझे पेट भरने के लिए चोरी तक करनी पड़ी। अगर मैंने क्रिकेट का सहारा नहीं लिया होता तो शायद आज भी मेरी जिंदगी सड़कों पर ही कट रही होती।'
उल्लेखनीय है कि क्रिस गेल ने अपना पहला फर्स्ट क्लास मैच साल 1998/99 में खेला था और अपने शानदार प्रदर्शन के दम पर अगले ही साल 1999 में ही उन्होंने वेस्टइंडीज की टीम में जगह बना ली थी।

क्रिस गेल के दिल में है छेद
गौरतलब है कि क्रिस गेल के अंतर्राष्ट्रीय करियर को अभी 6 साल ही पूरे हुए थे कि उन्हें ऐसी खबर का पता चला जिसने उन्हें पूरी तरह से हिला कर रख दिया। क्रिस गेल को पता चला कि उनके दिल में छेद है। इस खबर ने क्रिस गेल के खेलने और जीवन जीने के अंदाज को पूरी तरह से बदल दिया। इसके बाद उनकी बल्लेबाजी में एक अलग तरह का बेखौफपना दिखने लगा और वो मौजूदा समय में दुनिया के सबसे खतरनाक बल्लेबाज बन गये।
आपको बता दें कि क्रिसे गेल ने अपने अब तक के करियर में 13 हजार से ज्यादा टी20 रन बनाये हैं और सबसे ज्यादा 22 शतक लगाये हैं। गेल ने टी20 क्रिकेट में 978 छक्के लगाए हैं और 103 टेस्ट मैचों में 42 से ज्यादा की औसत से 7214 रन भी बनाए हैं। वनडे में उनके बल्ले से 25 शतकों की मदद से 10,480 रन निकले हैं। क्रिस गेल वनडे में दोहरा शतक लगाने का कारनामा भी कर चुके हैं।


Click it and Unblock the Notifications
