पिछले काफी समय से क्रिकेट से दूर रहे दुनिया के सबसे विस्फोटक बल्लेबाज क्रिस गेल ने खुद के सन्यास लेने के बारे में बड़ा खुलासा किया है। विस्फोटक ओपनर क्रिस गेल ने भारत के खिलाफ एकमात्र टी20 अंतर्राष्ट्रीय के लिए टीम में वापसी की है। आपको बता दें कि इससे पहले गेल ने अप्रैल 2016 में अपना आखिरी टी20 अंतर्राष्ट्रीय मैच खेला था।
हालांकि गेल का अभी हाल में सन्यास लेने का कोई प्लान नहीं है। गेल का कहना है कि वे 2019 का विश्वकप खेलना चाहते हैं। उन्होंने कहा, 'मेरा लक्ष्य अगला वर्ल्ड टी20 और 2019 विश्व कप खेलना है। मैं अपनी फिटनेस पर लगातार काम कर रहा हूं। मैं चाहता हूं कि सभी अहम खिलाड़ियों की टीम में वापसी हो।'
क्रिकेट न्यूज वेबसाइट स्पोर्ट्सकीड़ा के मुताबिक गेल ने अपने संन्यास के बारे में कहा है कि जब उनके फैंस उन्हें प्यार करना छोड़ देंगे तब वो क्रिकेट से सन्यास ले लेंगे। खबर के मुताबिक गेल ने कहा- 'अगर ये मेरे ऊपर होता तो मैं अब तक जा चुका होता, लेकिन फैंस लगातार मुझसे कहते हैं कि आप क्रिकेट खेलना अभी मत छोड़िए। युवा खिलाड़ी भविष्य होते हैं, लेकिन अनुभव भी बहुत जरूरी होता है।'
भारत से वनडे सीरीज हारने पर गले ने कहा कि टीम में कोई कमी नहीं है। भारत मजबूत टीम है। गेल के मुताबिक "भारत ने हमेशा से ही वेस्टइंडीज के खिलाफ अच्छा प्रदर्शन किया है। वेस्टइंडीज के खिलाफ टीम इंडिया का पलड़ा भारी रहा है।" गौरतलब है कि भारत और वेस्टइंडीज के बीच एकमात्र टी20 अंतर्राष्ट्रीय मैच जमैका के सबीना पार्क में खेला जाएगा। इस मैच के लिए वेस्टइंडीज की टीम में क्रिस गेल की वापसी हुई है।