बांग्लादेश के लिए 50 टेस्ट और 111 एकदिवसीय मैच खेलने वाले बशर को एक उम्दा टेस्ट बल्लेबाज के तौर पर जाना जाता है। उनके नाम टेस्ट मैचों में 3 शतकों और 24 अर्धशतकों के साथ 3026 और एकदिवसीय मैचों में 14 अर्धशतकों के साथ 2168 रन दर्ज हैं।
बशर ने कहा, "लगभग 20 वर्षो के अंतर्राष्ट्रीय, प्रथम श्रेणी और क्लब क्रिकेट के दौरान मैंने कई बेहतरीन यादें संजोई हैं। अगले सप्ताह शारजाह में होने वाली पोर्ट सिटी लीग मेरी अंतिम क्रिकेट प्रतियोगिता होगी। मैं राष्ट्रीय टीम की कप्तान और ढेर सारा सम्मान देने के लिए बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड का धन्यवाद करता हूं।"
बशर उन खिलाड़ियों में से हैं, जिन्होंने बांग्लादेश के लिए वर्ष 2000 में पहला टेस्ट मैच खेला था। इसके बाद बशर को टीम की कमान दी गई। वह 18 मैचों में कप्तान रहे। कप्तान के तौर पर वह अपनी टीम को एक सफलता ही दिला सके। चार मैच बराबरी पर छूटे थे जबकि 13 मैचों में उनकी टीम की हार हुई थी।
वर्ष 2008 में अपने कुछ साथियों के साथ बागी इंडियन क्रिकेट लीग के साथ नाता जोड़ने के बाद बशर को राष्ट्रीय टीम से निकाल दिया गया था। बशर ने आईसीएल की ढाका वारियर्स टीम की कप्तानी की थी। बशर की सबसे बड़ी सफलता यह रही है कि उनकी कप्तानी में बांग्लादेशी टीम 2007 विश्व कप के सुपर-8 दौर में पहुंची थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।