नई दिल्ली। आज सुबह से सभी की निगाहें टीवी पर थीं। ऐसा कहा जा रहा था कि शाम तक टीम इंडिया को नया कोच मिल जाएगा। दिन भर बीसीसीआई हेडक्वार्टर में इंटरव्यू का दौर चलता रहा। क्रिकेट एडवाइजरी काउंसिल (सीएसी) नए हेड कोच के लिए आवदेकों का इंटरव्यू लेने के बाद जब शाम को प्रेस कॉन्फ्रेंस किया गया तो पता चला कि कोच के चयन में अभी वक्त लगेगा।
सीएसी के मेंबर सौरभ गांगुली ने कहा कि कप्तान विराट कोहली से भी बात की जाएगी। उनके अमेरिका से वापस आने का इंतजार है। कोच चुनने के लिए हमें और वक्त की जरूरत है।' सौरभ गांगुली के इस बयान के बाद अब सवाल उठने लगे हैं। सोशल मीडिया पर लोग अपनी बात रखते हुए लिख रहे हैं कि क्या कोच विराट कोहली के पसंद का होगा?
तो कुछ लोग इस बात पर सवाल उठा रहे हैं कि वेस्टइंडीज के हाथों बुरी तरह हारने के बाद आखिरकार विराट कोहली क्या करने अमेरिका गए हैं? वहीं सोशल मीडिया पर ऐसी गॉशिप चल रही है कि विराट कोहली अपनी कथित प्रेमिका अनुष्का शर्मा से मिलने अमेरिका गए हैं। आपको बता दें कि अनुष्का शर्मा एक फोटोशूट और प्रमोशन के लिए इस समय न्यूयॉर्क में हैं।