नई दिल्ली, 9 सितम्बर: पाकिस्तान में सुरक्षा कारणों को लेकर टल गई आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी अगले साल हो सकेगी या नहीं, इस पर अभी से खतरा मंडराने लगा है। यूं कहिये कि एक साल के लिए स्थगित हो चुकी चैंपियंस ट्रॉफी पर दूसरा ग्रहण लग गया है।
इस बार कारण ट्वेंटी-20 चैंपियंस लीग का आयोजन अगले साल सितम्बर-अक्टूबर में होना है, इस कारण अगले साल भी चैंपियंस ट्राफी के टाले जाने की प्रबल संभावनाएं उत्पन्न हो गई हैं।
पाकिस्तान में इस महीने की 12 तारीख से होने वाली इस प्रतियोगिता को सुरक्षा कारणों के मद्देनजर सितंबर 2009 तक के लिए टाल दिया गया है। क्रिकेट में इन दिनों ट्वेंटी-20 का बोलबाला है। आयोजक और टीमों को इससे करोड़ों की कमाई हो रही है, ऐसे में चैंपियंस ट्राफी की तुलना में चैंपियंस लीग के आयोजन पर बहुमत मिल सकता है।
भारत, आस्ट्रेलिया और दक्षिण अफ्रीका के क्रिकेट बोर्डो ने चैंपियंस लीग की 24 सितम्बर से 11 अक्टूबर के बीच की तारीखों की घोषणा कर दी है। चैंपियंस लीग के इस दूसरे संस्करण में 12 टीमें शिरकत करेंगी, जिनके बीच कुल 23 मैच खेले जाएंगे।
इसके अलावा अक्टूबर के मध्य में आस्ट्रेलियाई टीम को सात एकदिवसीय मैचों के लिए भारत आना है, ऐसे में अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) के लिए 11 अक्टूबर के बाद भी चैंपियंस ट्राफी के आयोजन का समय निर्धारित करना काफी मुश्किल हो गया है।