वर्ल्ड कप 2019 : पाकिस्तान का यह गेंदबाज होगा भारत के लिए सबसे बड़ा 'खतरा', जानिए क्यों
नई दिल्ली। विश्व कप का महामुकाबला अमूमन फाइनल मैच होता है लेकिन जब बात भारत-पाक मैच की हो तो फिर यह सभी मैचों से खुद ही ऊपर हो जाता है। इसका कारण दोनों देशों के बीच बरसों पुरानी प्रतिद्वंदता है जो इस क्रिकेट के मैदान को भी जंग के मैदान सरीखा बना देती है। क्योंकि अब दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय सीरीज नहीं होती है ऐसे में विश्व कप जैसे मंच पर जब भारत-पाक भिड़ते हैं तो दोनों तरफ के फैन का जुनून अपने उफान पर पहुंच जाता है।

ओल्ड ट्रेफर्ड में क्रिकेट की पुरानी 'जंग'
यह मैच इंग्लैंड के सबसे पुराने शहरों में से एक मैनचेस्टर के ओल्ड ट्रेफर्ड में खेला जाएगा। क्रिकेट के इस ऐतिहासिक मैदान पर भारत और पाकिस्तान के बीच वर्ल्ड कप में 20 साल पहले भिड़ंत हुई थी और भारत ने वह मुकाबला 47 रनों से जीत लिया था। टीम इंडिया ने ओल्ड ट्रेफर्ड पर अब तक कुल 8 ODI मुकाबले खेले हैं जिसमें 3 मुकाबलों में जीत मिली है। इस जीत में टीम इंडिया के नाम 20 साल पहले साल 1999 में वर्ल्ड कप मुकाबले में पाकिस्तान के खिलाफ मिली जीत भी दर्ज है। टीम इंडिया ने पाकिस्तान को इस मुकाबले में 47 रनों से मात दी थी। द्रविड़ ने इस मुकाबले में सबसे अधिक 61 रन बनाए थे। टीम इंडिया ने 12 साल पहले यहां अपना आखिरी मुकाबला खेला था जिसमें भारतीय टीम को 3 विकेट से हार का सामना करना पड़ा था। भारतीय टीम वर्ल्ड कप में अब तक पाकिस्तान से कोई भी मुकाबला नहीं हारी है। यह भारत-पाक के बीच 7वां मुकाबला है।

मोहम्मद आमिर है एक गेंदबाज का नाम-
लेकिन 16 जून को होने वाले मैच में भारत को एक पाकिस्तानी गेंदबाज से सतर्क रहना होगा। ये गेंदबाज हैं मोहम्मद आमिर। ये वही आमिर हैं जिन्होंने चैंपियंस ट्रॉफी 2017 के फाइनल मुकाबले में रोहित, शिखर और कोहली को केवल 26 रन ही बनाने दिए थे। आमिर ने इन तीनों का विकेट शुरू में ही लेकर पाकिस्तान की शानदार जीत की पटकथा लिख दी थी। आमिर ने उस मैच में 6 ओवर में 16 रन देकर 3 विकेट लिए थे। इस मैच में भारत को मिली 180 रनों की करारी हार को पाकिस्तानी फैंस आज भी याद करते हैं।

पुरानी फार्म में लौट चुके हैं आमिर-
मजेदार बात यह है कि विश्व कप 2019 में भी आमिर ने अपनी पुरानी फार्म एक बार फिर से वापस पा ली है। इस विश्व कप से पहले खेले गए 14 मैचों में आमिर ने केवल 4 विकेट लिए थे और उनका पाकिस्तानी टीम में चयन भी पक्का नहीं था लेकिन ऐन मौके पर आमिर ने पाक की विश्व कप टीम में एंट्री मारी और अपनी गेंदबाजी की कायापलट ही करके दिखा दी। विश्व कप के 3 मैचों में वे अब तक 10 विकेट ले चुके हैं। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ केवल 10 ओवर में 30 रन देकर 5 विकेट लिए थे। हालांकि पाकिस्तान वह मैच हार गया था। ये भी एक इत्तेफाक ही है कि जब भी किसी पाकिस्तानी गेंदबाज ने विश्व कप में बड़ी टीमों के खिलाफ 5 विकेट लिए हैं तो पाक को हार ही नसीब हुई है। केवल एक ही बार ऐसे मौके पर पाक को जीत मिली थी। तब 1983 के विश्व कप में अब्दुल कादिर ने श्रीलंका के खिलाफ 5 विकेट लिए थे और पाक वह मैच जीत गया था।
भारत-न्यूजीलैंड मैच रद्द होने के बाद अमिताभ ने उड़ाया ICC का मजाक
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications
