क्रिकेट की सबसे पुरानी श्रृंखला ऐशेज़ के दूसरे टेस्ट में इंग्लैंड ने ऑस्ट्रेलिया के विरुद्ध पहली पारी में 210 रनों की महत्वपूर्ण बढ़त हासिल कर ली है.
लॉर्ड्स के ऐतिहासिक मैदान पर खेले जाने वाली इस श्रृंखला के दूसरे मैच में इंग्लैंड ने टॉस जीत कर पहले बल्लेबाज़ी करते हुए कप्तान एंड्रयू स्ट्रॉस के शानदार शतक की बदौलत 425 रन बनाए. कप्तान स्ट्रॉस ने 22 चौकों की मदद से 161 रन बनाए. उन्होंने कुक के साथ पहले विकेट की साझेदारी में 196 रन बनाए. एलेस्टर नाथन कुक सिर्फ़ पांच रनों से शतक बनाने से चूक गए. ऑस्ट्रेलिया की ओर से हिल्फ़ेनहॉस ने 103 रन देकर चार विकेट लिए जबकि जॉनसन ने तीन और सिड्ल ने दो विकेट लिए. ऑस्ट्रेलिया अपनी पहली पारी में 215 रन ही बना सकी और फ़ॉलोऑन नहीं बचा सकी, लेकिन इंग्लैंड ने फ़ॉलोऑन देने के बजाए दोबारा ख़ुद बल्लेबाज़ी करने का फ़ैसला किया. उनकी बढ़त 400 से ज़्यादा हो चुकी है.
ऑस्ट्रेलिया की पारी की शुरूआत अच्छी नहीं रही और उसके दो विकेट सिर्फ 10 रनों पर गिर गए. सलामी बल्लेबाज़ पीजे ह्यूज़ 4 रन बनाकर आउट हुए जबकि कप्तान रिकी पोंटिंग सिर्फ़ दो रन बना कर एंडरसन का शिकार हो गए.
साइमन कैटिच और माइक हसी ने मिलकर पारी को संभालने की कोशिश की लेकिन कैटिच 48 रन बनाकर ओनियंस को अपना विकेट दे बैठे.
हसी भी ज़्यादा देर तक नहीं खेल सके और अपना अर्धशतक लगाने के फ़ौरन बाद 51 रन बनाकर आउट हो गए. आठवें और नवें नंबर पर खेलने आए खिलाड़ी नाथन हॉरिट्ज़ और पीटर सिड्ल ने कुछ संघर्ष दिखाया लेकिन 24 और 35 रन बनाकर आउट हो गए. ऑस्ट्रेलिया ने 63 ओवरों में 215 रन बनाए और इस प्रकार इंग्लैंड को 210 रनों की महत्वपूर्ण बढ़त मिल गई. इंग्लैंड ने अपनी दूसरी पारी की शुरूआत अच्छी की और उनका पहला विकेट 61 रनों पर उस वक़्त गिरा जब कुक 32 रन बनाकर आउट हुए. कप्तान स्ट्रॉस ने भी 32 रन बनाए. इंग्लैंड ने तीन विकेट के नुक़सान पर 171 रन बना लिए हैं. इस प्रकार उनकी कुल बढ़त 400 रनों के क़रीब पहुंच गई है जबकि अभी तीसरे दिन का ही खेल चल रहा है. इंग्लैंड के गिरने वाले तीनों विकेट हॉरिट्ज़ के खाते में गए. रवि बोपारा ने आउट होने से पहल 27 रन बनाए है और पीटर्सन 44 रन बना कर खेल रहे हैं.
इस सीरीज़ के पहले मैच में इंग्लैंड ने रोमांचक तरीक़े से ऑस्ट्रेलिया के विरुद्ध हार बचाई थी.