लंदन, 19 अप्रैल (आईएएनएस)। भारतीय प्रीमियर लीग में भाग लेने से वंचित रह गए इंग्लैंड के क्रिकेट खिलाड़ियों को पैसा अर्जित करने का एक सुनहरा अवसर प्राप्त हो गया है।
टेक्सास के अरबपति एलेन स्टेनफोर्ड ने वेस्टइंडीज आल स्टार के साथ पांच ट्वेंटी-20 मैचों की श्रृखंला के लिए प्रति मैच दो करोड़ डालर का पुरस्कार देने की घोषणा की है। विजेता टीम पूरी राशि की हकदार होगी।
पूरी सीरिज में 10 करोड़ डालर की राशि दांव पर होगी।
इस श्रृंखला का प्रारंभ एंटीगुआ के 27वें स्वतंत्रता दिवस एक नवंबर से होना है।
स्टेनफोर्ड ने इसके लिए पहले भी इंग्लैंड के क्रिकेट अधिकारियों से सम्पर्क किया था। लेकिन उन्होंने उनके विचार को अस्वीकार कर दिया था।
स्टेनफोर्ड ने इसके बाद दक्षिण अफ्रीका और भारत से संपर्क किया, लेकिन बात नहीं बन पाई। भारत ने किसी निजी आयोजन में भाग लेने से इंकार कर दिया, वहीं दक्षिण अफ्रीका ने दौरे के समय को लेकर अपना हाथ वापस खींच लिया।
बहरहाल इंग्लैंड क्रिकेट बोर्ड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी डेविड कोलिअर और अध्यक्ष गाइल्स क्लार्क ने गुरुवार को कहा कि स्टेनफोर्ड का हर मैच की विजेता टीम को दो करोड़ डालर देने का प्रस्ताव काफी आकर्षक है।
स्टैनफोर्ड ने आईपीएल को उसके एकाधिकारवादी रवैए के लिए चेतावनी देते हुए कहा कि भविष्य में आईपीएल नहीं बल्कि इंग्लैंड 20-20 क्रिकेट का निर्धारक होगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।