
विरुष्का ने पीएम केयर्स फंड में किया था गुप्त दान
इस बीच भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान विराट कोहली और उनकी पत्नी अनुष्का शर्मा ने भी कोरोना वायरस से लड़ने के लिये पीएम-केयर्स और महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री राहत कोष में मदद का ऐलान किया था।
दोनों की ओर से किये गये इस मदद के ऐलान में किसी रकम का जिक्र नहीं था क्योंकि दोनों ने एक तरह का गुप्त दान किया था। हालांकि अब रकम का भी पता चल गया है कि इन दोनों ने कोरोना वायरस पीड़ितों की मदद के लिये कितना पैसा दान किया है।

विराट-अनुष्का ने दान किये इतने करोड़
न्यूज एजेंसी आईएनएस की रिपोर्ट के अनुसार विराट कोहली और उनकी पत्नी अनुष्का शर्मा ने मिलकर पीएम केयर्स फंड और मुख्यमंत्री रिलीफ फंड (महाराष्ट्र) को कुल 3 करोड़ रुपयों की मदद की है।
इससे पहले अनुष्का ने अपने ट्विटर हैंडल से इस दान की जानकारी देते हुए लिखा था, 'मैं और विराट पीएम केयर्स फंड और मुख्यमंत्री रिलीफ फंड का सपोर्ट कर रहे हें। कोरोना से प्रभावित लोगों को देखकर हमारा दिल टूट गया है। हम अपने तरफ से हर संभव मदद की कोशिश कर रहे हैं।'

BCCI समेत इन खिलाड़ियों ने भी किया है दान
गौरतलब है कि कोरोना वायरस के खिलाफ इस जंग में और भी खिलाड़ियों ने अपनी ओर से आर्थिक मदद मुहैया कराई है जिसमें सचिन तेंदुलकर ने 50 लाख, सुरेश रैना ने 52 लाख, सौरव गांगुली 50 लाख, गौतम गंभीर करीब 1.5 करोड़, अजिंक्य रहाणे ने 10 लाख और पीवी सिंधु ने 10 लाख रुपये देने का फैसला किया। इनके अलावा भी कई खिलाड़ी ऐसे हैं जिन्होंने अपनी सैलरी और पेंशन दान किया है तो कुछ खिलाड़ियों ने लाखों में दान किया है।
आपको बता दें कि भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने भी इस मुश्किल घड़ी में प्रधानमंत्री केयर्स फंड में 52 करोड़ रुपये की मदद देने का ऐलान किया है।


Click it and Unblock the Notifications
