नई दिल्ली (विवेक शुक्ला) सुबह के साढ़े नौ बजे चुके हैं पर गुरुवार को बांग्लादेश हाई कमीशन में कोई भी इंसान फोन उठाने को तैयार नहीं। राजधानी के डिप्लोमेटिक एंक्लेव यानी चाणक्यपुरी स्थित हाई कमीशन का फोन नंबर 011-24121389 बार-बार ट्राई करने के बाद कोई नहीं उठा रहा। अब आप समझ गए होंगे इसकी वजह। कारण है आईसीसी क्रिकेट वर्ल्ड कप 2015 का भारत-बांग्लादेश के बीच खेला जा रहा क्वार्टर फाइनल मैच।
जानकारों ने बताया कि इस मैच के चलते हाई कमीशन के दफ्तर में लगभग अवकाश वाली स्थिति है। स्टाफर पहले ही छुट्टी ले रहे बहाने बनाकर। जो हाईकमीशन में आएंगे, वे भी टीवी ही देखते रहेंगे। हाई कमीशन का ज्यादातर स्टाफ वसंत विहार, वसंत कुंज और लाजपत नगर जैसे इलाकों में रहता है।
थम गई जिंदगी
हालांकि इस बात का पहले ही पता था कि कि जिस दिन भारत- बांग्लादेश टीमों का क्वार्टर फाइनल होगा उस दिन बांग्लादेश हाई कमीशन में जिंदगी थम सी जाएगी। सारे काम रूक जाएँगे। बता दें कि राजधानी स्थित बांग्लादेश हाई कमीशन में टीम के क्वार्टर फाइनल पहुंचने की खुशी में राजधानी के कुछ खास लोगों को पार्टी दी गई थी।
कम ट्रैफिक
उधर, इस मैच के चलते राजधानी की बहुत सी सुबह के वक्त रहने वाली व्यस्त सड़कों पर यातायात कम है। लोग घरों में काम कर रहे हैं मैच का मजा लेते हुए। प्रिंटिग बिजनेस से जुड़े हुए सजल कालड़ा ने कहा कि वे घर से ही आज आपरेट कर रहे हैं। चूंकि भारत पहले बैटिंग कर रहा है तो दफ्तर जाने का सवाल ही नहीं है।