नई दिल्ली। टेस्ट क्रिकेट, वनडे क्रिकेट और फिर टी-20 क्रिकेट आ जाने के बाद जिस तेजी से क्रिकेटरों की आय में इजाफा हुआ है, उसके मद्देनज़र आॅस्ट्रेलिया के पूर्व तेज गेंदबाज ग्लेन मैक्ग्रा ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि क्रिकेट लीग शुरू होने से क्रिकेटर्स के खेल पर बुरा असर पड़ा है। इनके ज़रिए उनमें ज्यादा से ज्यादा पैसे कमाने की होड़ लग गई है और इसका असर उनके कॅरियर पर दिखने लगता है।
वह पीसीए स्टेडियम में अंडर-23 तेज गेंदबाजों के कोचिंग क्लीनिक के लिए आए हैं। उन्होंने कहा कि आॅस्ट्रेलिया, भारत समेत कई देशों में क्रिकेट लीग शुरू हो चुकी हैं। क्रिकेटरों को जब इनके जरिए कम वक्त में ज्यादा सफलता मिलती है तो वे अपने खेल से भटक जाते हैं। इससे उनका खेल स्तर प्रभावित होता है।
मैक्ग्रा ने खेल में पैसे को प्राथमिक नहीं मानने की अपील की। उन्होंने कहा कि तेज गेंदबाजों को खासतौर पर कड़ी मेहनत करने की जरूरत है जिससे कि वे खेल के स्तर को लगातार लय में रख सकें।
मैक्ग्रा के मुताबिक, 'अच्छा तेज गेंदबाज वही बन सकता है जिसमें हर स्थिति में खेलने की क्षमता हो। वह भारत में युवा प्रतिभाओं को तैयार कर रहे हैं। तेज गेंदबाज बनना इसलिए काफी मुश्किल है क्योंकि इसमें सबसे ज्यादा मेहनत करनी पड़ती है।'
उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों के लगातार खेलते रहने से भी उनकी फॉर्म पर असर पड़ता है। इससे क्षमता और फिटनेस प्रभावित होती है।
मैक्ग्रा ने भारत के बारे में कहा कि यहां प्रतिभाओं की भरमार है। आने वाले समय में यहां से बेहतरीन खिलाड़ी निकलने वाले हैं।