नई दिल्ली(विवेक शुक्ला) टीम इंडिया ने हाल ही में लाहौर में खेली गई अहम क्रिकेट चैंपियनशिप में अपने खेल से सरहद पार के दर्शकों को खूब प्रभावित किया। भारतीय बधिर क्रिकेट टीम लाहौर में आयोजित पहले टी-20 बधिर क्रिकेट एशिया कप में दूसरे स्थान पर रही थी। इसका आयोजन पाकिस्तान बधिर क्रिकेट एसोसिएशन के सहयोग से 18 से 27 अप्रैल तक लाहौर में पाकिस्तान सरकार ने किया था।
उप राष्ट्रपति से मिले
एक सरकारी प्रवक्ता ने बताया कि भारतीय बधिर क्रिकेट टीम के खिलाड़ियों ने मंगलवार को अखिल भारतीय बधिर क्रिकेट एसोसिएशन के पदाधिकारियों के साथ उप राष्ट्रपति श्री एम. हामिद अंसारी से भेंट की। उप राष्ट्रपति ने सभी खिलाड़ियों से बात की और उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने खेलों के करियर में उनकी सफलता की कामना की।
भारत में बधिर क्रिकेट टूर्नामेंट को बढ़ावा देने और इसका आयोजन करने के लिए बधिर क्रिकेट एसोसिएशन एक शीर्ष और राष्ट्रीय संगठन है। क्रिकेट लेखक डी.पी. सिंह ने कहा कि मीडिया को सिर्फ विराट कोहली और एम.ए, धोनी से सुसज्जित टीम को ही कवरेज नहीं देनी चाहिए। उसे इन खिलाड़ियों को भी कवर करना चाहिए।