For Quick Alerts
ALLOW NOTIFICATIONS  
For Daily Alerts
 

विश्व कप : गेल के तूफान की बदौलत वेस्टइंडीज ने दर्ज की दूसरी जीत

By Ians

कैनबरा| क्रिस गेल (215) के रिकार्ड दोहरे शतक और मार्लन सैमुएल्स (नाबाद 133) के साथ एकदिवसीय क्रिकेट की सबसे बड़ी साझेदारी के दम पर वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम ने मंगलवार को मानुका ओवल मैदान पर खेले गए आईसीसी विश्व कप-2015 के पूल-बी के अपने तीसरे मुकाबले में जिम्बाब्वे को 73 रनों से हरा दिया।

वेस्टइंडीज ने जिम्बाब्वे के सामने 373 रनों का लक्ष्य रखा था। विश्व कप के इस 15वें मैच में लक्ष्य का पीछा करने उतरी जिम्बाब्वे की पारी बारिश के कारण थोड़ी देर बाधित रही, जिसके कारण उसे डकवर्थ-लेविस नियम के आधार पर 48 ओवरों में 363 रनों का संशोधित लक्ष्य दिया गया। लेकिन यह अफ्रीकी टीम तमाम प्रयासों के बावजूद 44.3 ओवरों में सभी विकेट गंवाकर 289 रन ही बना सकी।

अपनी इस पारी के दौरान एकदिवसीय क्रिकेट में 9000 रन पूरे करने वाले गेल को मैन ऑफ द मैच चुना गया। अपने पहले ही मैच में आयरलैंड के हाथों चौंकाने वाली हार झेलने वाली कैरेबियाई टीम ने लगातार दो मैच जीतकर खुद को नॉकआउट दौर में पहुंचाने की स्थिति में लाकर खड़ा कर दिया है।

अपने दूसरे मुकाबले में वेस्टइंडीज ने पाकिस्तान को करारी शिकस्त दी थी। अब वेस्टइंडीज पूल-बी में दो जीत और एक हार से चार अंक लेकर दूसरे स्थान पर पहुंच गया है। भारत इस पूल में पहले स्थान पर है। उसने अब तक खेले गए दोनों मैच जीते हैं।

बहरहाल, बड़े लक्ष्य का पीछा करने उतरी जिम्बाब्वे की टीम अच्छी शुरुआत नहीं कर सकी। उसने एक समय 46 रनों पर अपने तीन विकेट गंवा दिए थे। इसके बाद ब्रेंडन टेलर (37) और सीन विलियम्स (76) ने चौथे विकेट के लिए 80 रनों की साझेदारी करते हुए स्थिति को सम्भालने की कोशिश की।

टेलर 126 के कुल योग पर आउट हुए। विलियम्स ने इसके बाद क्रेग इर्विन (52) के साथ पांचवें विकेट के लिए 51 रन जोड़े। विलियम्स का विकेट 177 रनों पर गिरा। विलियम्स ने 61 गेंदों पर नौ चौके लगाए।

विलियम्स की विदाई के बाद इर्विन ने स्टुअर्ट मात्सीकेनयेरी (19) के साथ 49 रन जोड़े। इसके बाद हालांकि जिम्बाब्वे की टीम के लिए कोई बड़ी साझेदारी नहीं हुई।

वेस्टइंडीज की ओर से जेरोम टेलर और कप्तान जेसन होल्डर ने तीन-तीन विकेट लिए। गेल ने भी दो विकेट हासिल किए जबकि मार्लन सैमुएल्स और निकिता मिलर ने भी एक-एक सफलता पाई।

इससे पहले, गेल और सैमुएल्स के शतक की बदौलत टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी कैरेबियाई टीम ने निर्धारित 50 ओवरों में दो विकेट पर 372 रन बनाए। उसके लिए गेल ने 147 गेंदों का सामना करते हुए 10 चौके और 16 छक्के लगाए। वेस्टइंडीज के कुल योग में 24 अतिरिक्त रन भी शामिल हैं।

दूसरी ओर सैमुएल्स ने 156 गेंदों का सामना कर 11 चौके और तीन छक्के लगाए। शून्य के कुल योग पर ड्वायन स्मिथ (0) का विकेट गिरने के बाद इन दोनों ने पहले विकेट के लिए रिकार्ड 372 रनों की साझेदारी की। गेल ने खुद को खराब दौर से निकालते हुए 20 महीने के सूखे के बाद शानदार सैकड़ा लगाया और अपनी टीम की जीत के नायक बने।

पारी की अंतिम गेंद पर आउट होने वाले गेल ने विश्व कप इतिहास की सबसे बड़ी पारी खेली। इससे पहले यह रिकार्ड दक्षिण अफ्रीका के गैरी कस्र्टन (188) के नाम था।

गेल ने किसी एक पारी में सर्वाधिक छक्के लगाने के भारत के रोहित शर्मा और दक्षिण अफ्रीका के अब्राहम डिविलियर्स के रिकार्ड की बराबरी की। इन तीनों ने 16-16 छक्के लगाए हैं।

गेल ने साथ ही विश्व कप की किसी एक पारी में सबसे अधिक छक्के लगाने के आस्ट्रेलिया के शेन वॉटसन (15) के रिकॉर्ड को ध्वस्त किया। वॉटसन ने 2011 विश्व कप में बांग्लादेश के खिलाफ अपनी 185 रनों की नाबाद पारी में 15 चौके और इतने ही छक्के लगाए थे।

गेल एकदिवसीय क्रिकेट इतिहास में दोहरा शतक लगाने वाले चौथे बल्लेबाज बने। भारत के रोहित शर्मा ने दो मौकों पर दोहरे शतक लगाए हैं। रोहित (264) के नाम ही एकदिवसीय क्रिकेट की सबसे बड़ी पारी दर्ज है।

रोहित ने इसके अलावा 209 रनों की भी पारी खेली है। गेल और रोहित के अलावा भारत के सचिन तेंदुलकर (नाबाद 200) और वीरेंद्र सहवाग (219) ने एकदिवसीय मैचों में दोहरे शतक लगाए हैं।

गेल और मार्लन सैमुएल्स (नाबाद 133) ने पहले विकेट के लिए 372 रनों की साझेदारी निभाई। यह एक रिकार्ड है। इससे पहले राहुल द्रविड़ और सचिन तेंदुलकर ने 1999 में हैदराबाद में न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे विकेट के लिए 331 रनों की साझेदारी की थी।

अब तक एकदिवसीय क्रिकेट इतिहास में किसी भी विकेट के लिए सिर्फ तीन मौकों पर 300 या उससे अधिक रनों की साझेदारी हुई है। इसमें पहला स्थान गेल और सैमुएल्स का हो गया, दूसरा स्थान सचिन और द्रविड़ के नाम है और तीसरा स्थान भी सचिन और द्रविड़ के नाम ही है, जिन्होंने 1999 विश्व कप में श्रीलंका के खिलाफ टांटन में दूसरे विकेट के लिए 318 रन जोड़े थे।

इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।

Story first published: Monday, November 13, 2017, 11:12 [IST]
Other articles published on Nov 13, 2017
Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+