कप्तान गौतम गंभीर के स्थान पर पारी की शुरुआत करने उतरे वार्नर को तेज गेंदबाज लक्ष्मीपति बालाजी ने छह रन के व्यक्तिगत योग पर मैथ्यू हेडन के हाथों कैच कराया। उस समय डेयर डेविल्स का कुल योग 35 रन था।
डेयर डेविल्स टीम ने पांच ओवर में एक विकेट पर 45 रन बना लिए हैं। सहवाग 14 गेंदों पर छह चौकों और एक छक्के की सहायता से 33 रन बनाकर खेल रहे हैं जबकि तिलकरत्ने दिलशान ने छह रन बनाए हैं।
आईपीएल के तीसरे संस्करण में डेयर डेविल्स की टीम का यह चौथा और सुपर किंग्स का तीसरा मैच है। दिल्ली की टीम को दो मुकाबलों मे जीत मिली है जबकि एक में उसे हार का सामना करना पड़ा है।
दूसरी ओर सुपर किंग्स को एक मैच में हार और एक में जीत मिली है। दोनों टीमों के नियमित कप्तान इस मैच में नहीं खेल रहे हैं।
डेयर डेविल्स के कप्तान गंभीर और सुपर किंग्स के कप्तान महेंद्र सिंह चोटिल होने के कारण मैदान से बाहर हैं। दिल्ली की कप्तानी विकेटकीपर बल्लेबाज दिनेश कार्तिक के हाथों में है जबकि चेन्नई टीम की कमान सुरेश रैना संभाल रहे हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।