Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block

'भारत नहीं करता दादागिरी' - लोर्गाट

आईसीसी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी हारुन लोर्गाट ने इस अवधारणा से असहमति जताई है कि आईसीसी के फ़ैसलों पर भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड का दबदबा रहता है.

उन्होंने कहा, "मुझे अकसर यह बताया जाता है कि भारत क्रिकेट में दादागिरी करता है, मैं समझता हूं कि ये सच नहीं है. क्योंकि जब आईसीसी की बोर्ड मीटिंग होती है तो कुछ मुद्दों पर भारत को समर्थन मिलता है और कुछ पर नहीं. आईसीसी के बोर्ड में सोलह सदस्य हैं, भारत उनमें से सिर्फ़ एक है".

उन्होंने कहा कि भारतीय क्रिकेट को जो इज़्ज़त मिलती है वो उसकी पूरी हक़दार है.

हारुन लोर्गाट मुंबई में आईसीसी पुरस्कारों को नामांकनों की घोषणा के लिए हुए एक समारोह में बोल रहे थे. इस समारोह में पूर्व भारतीय कप्तान रवि शास्त्री और वीरेंदर सहवाग भी मौजूद थे.

टेस्ट का भविष्य

हाल ही में आईसीसी के अध्यक्ष डेविड मॉर्गन ने कहा था कि टेस्ट क्रिकेट को बचाए रखने के लिए इसमें कुछ परिवर्तन करने की ज़रुरत है, जैसे टेस्ट मैच की अवधि पांच से घटाकर चार दिन करना.

लोर्गाट ने कहा कि फ़िलहाल टेस्ट क्रिकेट में किसी भी तरह का कोई बदलाव करना आईसीसी के एजेंडा में शामिल नहीं है.

इसी समारोह में मौजूद वीरेंदर सहवाग ने कहा कि वो एक दिवसीय और टी20 क्रिकेट से ज़्यादा टेस्ट मैच खेलना चाहते हैं.

उन्होंने कहा कि अगले पांच साल क्रिकेट और तेज़ होती जायेगी और जिसमें काफ़ी युवा खिलाड़ियों को चमकने का मौक़ा मिलेगा.

आईपीएल

आईसीसी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी हारुन लोर्गाट ने कहा है कि फ़्यूचर टुअर्स प्रोग्राम यानि एफ़टीपी में आईपीएल के लिए अलग से जगह बनाना मुमकिन नहीं है.

क्योंकि एफटीपी क्रिकेट का अंतर्राष्ट्रीय कार्यक्रम है और आईपीएल एक डोमेस्टिक यानि घरेलू टूर्नामेंट है.

उन्होंने कहा कि बीसीसीआई और आईपीएल ख़ुद ऐसा नहीं चाहते है.

लोर्गाट ने कहा कि आने वाले वक्त में इंडियन प्रीमियर लीग की तर्ज पर और देशों में भी घरेलू लीग बन सकते हैं ऐसे में सबके लिए क्रिकेट कार्यक्रम में जगह बनाना नामुमकिन हो जायेगा.

डोप टेस्ट के ख़िलाफ़ नहीं

वीरेंदर सहवाग ने भारतीय क्रिकेट खिलाड़ियों द्वारा वर्ल्ड एंटी डोपिंग एजेंसी यानि वाडा के ‘उपलब्धतता’ वाले नियम के विरोध का भी पुरज़ोर समर्थन किया है.

इस नियम के तहत खिलाड़ियों को अपने कार्यक्रम के पल पल का हिसाब वाडा को देना होता है.

सहवाग ने इस मुद्दे पर कहा, "खिलाड़ी जिस समस्या से दो-चार हैं वो है सुरक्षा. हम ये नहीं बताना चाहते कि भविष्य में किसी तय वक्त पर हम कहां होंगे. समस्या यही है. वैसे तो हम कहीं भी, किसी भी वक्त टेस्ट के लिए तैयार है".

Story first published: Tuesday, November 14, 2017, 12:19 [IST]
Other articles published on Nov 14, 2017
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+