दिग्गज क्रिकेटर बोला- स्मिथ-वाॅर्नर भूखे होंगे, ऐसे में आस्ट्रेलिया जीत सकता है विश्व कप
नई दिल्ली। बाॅल टेंपरिंग में आरोपी साबित हो जाने के बाद स्टीव स्मिथ और डेविड वाॅर्नर पर पिछले साल आस्ट्रेलिया क्रिकेट ने एक साल का बैन लगा दिया था। उनपर लगा बैन मार्च के अंत में समाप्त होने वाला है। ऐसे में उनका इंग्लैंड में होने वाले विश्व कप में खेलना भी तय है। यह दोनों बल्लेबाज वापसी कर कैसा प्रदर्शन करते हैं यह देखने लायक रहेगा। वहीं इसी बीच आस्ट्रेलिया के पूर्व दिग्गज स्पिनर शेन वाॅर्न का मानना है कि वापसी करने के बाद स्मिथ-वाॅर्नर रनों के भूखे होंगे।
वॉर्न ने फाक्स स्पोर्ट्स से कहा, 'कई बार जब आपको ब्रेक के लिए बाध्य किया जाता है- जैसा मेरे साथ हुआ, मुझे 12 महीने बाहर रहना पड़ा- इसका मतलब होता है कि आप तरोताजा हो जाते हो।' उन्होंने कहा, 'आपका दिमाग तरोताजा हो जाता है, आपकी भूख बढ़ जाती है और आप महसूस करते हो कि क्रिकेट आपके लिए कितना महत्वपूर्ण है।' वॉर्न ने कहा, 'यही कारण है कि मैं कह रहा हूं कि ऑस्ट्रेलिया विश्व कप जीत सकता है। वे सीधे वापसी करेंगे, वे भूखे होंगे। वह शुरुआती कुछ मैचों में नर्वस होंगे लेकिन यह उनके लिए अच्छा होगा।'
बता दें कि वाॅर्न इससे पहले भी इस बात पर जोर दे चुके हैं कि केवल भारत-इंग्लैंड टीमें ही विश्व कप जीतने की दावेदार नहीं हैं, बल्कि आस्ट्रेलिया भी इसके लिए दावेदारी रखता है। वाॅर्न को भरोसा है कि स्मिथ-वाॅर्नर की वापसी के साथ ही टीम अपने पुराने रंग में लाैट आएगी। वहीं स्मिथ ने हाल ही में कोहनी की सर्जरी करवाई। ऐसे में उनके लिए वापसी करना चुनाैतीभरा होगा लेकिन उन्होंने प्रैक्टिस करना शुरू कर दिया है। यह दोनों खिलाड़ी आईपीएल में भी खेलते हुए नजर आएंगे। विश्व कप 30 मई को शुरू होना है जबकि इसका फाइनल मुकाबला 14 जुलाई को होगा।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications
