दुनियाभर में टीवी पर इसका सीधा प्रसारण किया जाएगा. खेलों के सुरक्षा के कड़े इंतज़ाम किए गए हैं. दिल्ली पुलिस के आयुक्त वाईएस डडवाल ने बताया कि खेल स्थल के आसपास 29 हज़ार पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं.
डडवाल ने बताया कि दिल्ली पुलिस के साथ भारतीय वायु सेना, राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड, अर्धसैनिक बल मिलकर राष्ट्रमंडल खेलों के दौरान सुरक्षा प्रदान करेंगे.
भारत की राष्ट्रपति प्रतिभा पाटील और ब्रिटेन के राजकुमार चार्ल्स तीन से 14 अक्टूबर तक चलने वाले राष्ट्रमंडल खेलों की शुरुआत की आधिकारिक घोषणा करेंगे. ऐसा पहली बार हो रहा है कि दो लोग इस समारोह की शुरुआत करेंगे.
भारत के लिए अहम
विभिन्न देशों के लगभग छह हज़ार खिलाड़ी खेलों में हिस्सा लेंगे वर्ष 1982 में संपन्न एशियाई खेलों के बाद ये भारत में अब तक के सबसे बड़े खेल आयोजन हैं. खेलों के लिए स्टेडियम तैयार हो चुके हैं और विभिन्न देशों के लगभग छह हज़ार से ज्यादा खिलाड़ी हिस्सा लेने के लिए तैयार हैं.
हालांकि कुछ दिन पहले कई देशों ने खेल गाँव में सुविधाओं को लेकर सवाल उठाए थे. साथ ही सुरक्षा पर सवाल उठे, विदेशी खिलाड़ियों ने नाम वापस लिए और तो और आस्ट्रेलिया की ओर से भारत को मेजबानी दिए जाने पर सवाल उठाया गया. लेकिन अब लग रहा है कि सब कुछ ठीक हो गया है.
भारत को उम्मीद
राष्ट्रमंडल खेलों की सुरक्षा के कड़े इंतज़ाम किए गए हैं . भारत ने राष्ट्रमंडल खेलों के इतिहास में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 2002 में मैनचेस्टर में किया था. उसने उन खेलों में 30 स्वर्ण सहित कुल 69 पदक जीते थे. लेकिन इस बार उम्मीद की जा रही है कि वह और पदक जीत सकता है.
इन खेलों में भारत सभी 17 प्रतियोगिताओं में हिस्सा ले रहा है और उसके 619 खिलाड़ी पदकों की दौड़ में शामिल होंगे. भारत को सबसे ज्यादा उम्मीद निशानेबाजी, मुक्केबाजी, कुश्ती, भारोत्तोलन, तीरंदाजी, टेनिस, टेबल टेनिस और बैडमिंटन से है. ओलंपिक में पहले भारतीय व्यक्तिगत स्वर्ण पदक विजेता अभिनव बिंद्रा भारतीय दल की अगुआई करेंगे.