पाकिस्तानी अख़बार द डॉन के मुताबिक़ मामले ने इतना तूल पकड़ लिया कि पाकिस्तान की भारोत्तोलन टीम ने प्रतियोगिता से हटने की धमकी दे डाली. पाकिस्तानी ओलंपिक एसोसिएशन लेफ़्टिनेंट जनरल सैयद आरिफ़ हसन ने बीबीसी को बताया कि थोड़ी ग़लतफ़हमी हो गई थी, जिसे अब सुलझा लिया गया है.
समाचार एजेंसी पीटीआई ने भी पाकिस्तानी प्रतिनिधिमंडल के प्रमुख मोहम्मद अली शाह के हवाले से बताया है कि अब सब कुछ ठीक है. पाकिस्तानी भारोत्तोलन टीम के कोच शेख़ रशीद ने द डॉन को बताया कि पहले भारोत्तोलक शुजाउद्दीन मलिक को पाकिस्तानी झंडा लेकर स्टेडियम में प्रवेश करना था.
लेकिन आख़िरी समय में प्रतिनिधिमंडल के प्रमुख मोहम्मद अली शाह ने कहा कि वे झंडा लेकर एथलीटों का नेतृत्व करेंगे. इस बात को लेकर भारोत्तोलक टीम के सदस्य बहुत आहत हुए और उन्होंने प्रतियोगिता से हटने की धमकी दे डाली. दोनों गुटों में इस बात को लेकर बहस भी हुई. लेकिन अब पाकिस्तानी अधिकारियों का दावा है कि मामला सुलझा लिया गया है.