केन्या, स्कॉटलैंड और भारत के एथलीट खेलगाँव में रहने भी लगे हैं.लेकिन कुछ प्रतियोगी पहले ही खेलगाँव और आयोजन की व्यवस्था पर आपत्ति जताने के बाद खेलों से अपने नाम वापस ले चुके हैं.इन आलोचनाओं के बीच शीला दीक्षित ने रविवार को खेलगाँव का दौरा कर वहाँ हो रहे काम-काज की समीक्षा की.
उन्होंने कहा,"सोमवार तक लगभग 66 फ़्लैट दे दिए जाएँगे और बुधवार तक सारा काम पूरा कर लिया जाएगा."इस बीच दिल्ली पहुँचकर होटल में रह रहे इंग्लैंड टीम के एथलीटों ने कहा है कि वे सोमवार को खेलगाँव चले जाएँगे.दिल्ली से बीबीसी संवाददाता राहुल टंडन का कहना है कि इंग्लैंड टीम की इस घोषणा से परेशान आयोजकों को राहत मिलेगी.
बीबीसी स्पोर्ट्स की संवाददाता सोनाली शाह ने जानकारी दी है कि स्कॉटलैंड की टीम शनिवार को दिल्ली पहुँचने के बाद खेलगाँव चली गई है.बीबीसी संवाददाता के अनुसार स्कॉटलैंड के एथलीटों ने कहा कि वे ख़ुश हैं हालाँकि अभी भी बहुत कुछ किया जाना बाक़ी है.दिल्ली कॉमनवेल्थ खेलों की समय पर तैयारी नहीं हो पाने को लेकर आयोजकों को भारी आलोचना झेलनी पड़ रही है.