नई दिल्ली। दक्षिण अफ्रीका के तेज गेंदबाज और पूरी दुनिया में अपनी धारदार गेंदबाजी का दम दिखा चुके डेल स्टेन की दो साल बाद राष्ट्रीय टीम में वापसी हुई है। बता दें कि उन्हें जिम्बाब्वे के खिलाफ इस महीने के अंत में होने वाली वनडे सीरीज के लिए टीम में शामिल किया गया है। 35 साल के स्टेन ने अपना पिछला वनडे अक्टूबर 2016 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेला था। वहीं स्टेन के अलावा लेग स्पिनर इमरान ताहिर की भी सात महीने बाद 16 सदस्यीय टीम में वापसी हुई है।
आईसीसी की वेबसाइट की रिपोर्ट की अगर मानें तो क्रिकेट साउथ अफ्रीका ने टीम की घोषणा की है। क्रिस्टियन जोंकर को पहली बार वनडे टीम में शामिल किया गया है। उन्होंने इससे पहले भारत के खिलाफ इस वर्ष फरवरी में एकमात्र टी-20 अंतर्राष्ट्रीय मैच खेला था जिसमें उन्होंने 49 रन बनाए थे। श्रीलंका दौरे पर चोट के कारण स्वदेश लौटने वाले फाफ डु प्लेसिस को भी टीम में मौका दिया गया। लेकिन, उनका खेलना चोट से उनके उबरने पर निर्भर है। गौरतलब हो कि जिम्बाब्वे को दक्षिण अफ्रीका दौरे पर तीन मैचों की वनडे सीरीज खेलना है। सीरीज का पहला मैच 30 सितम्बर को किम्बले में खेला जाएगा। इसके बाद नौ अक्टूबर से तीन मैचों की टी-20 सीरीज होगी। ऐसे में दक्षिण अफ्रीका की रफ्तार अब फिर एक बार क्रिकेट के मैदान पर देखने को मिलेगी।