नई दिल्लीः श्रीलंका के नवनियुक्त कप्तान दासुन शनाका ने शनिवार को कहा कि श्रीलंका और भारत के बीच बराबरी का मुकाबला होगा। भले ही भारतीय टीम जीत की दावेदार हो और श्रीलंका इस समय संघर्ष कर रही हो लेकिन मेहमान टीम में नए खिलाड़ियों की भरमार है, इसलिए कप्तान को लगता है मुकाबरा बराबर का है।
बता दें कि भारत यहां छह अनकैप्ड खिलाड़ियों की टीम लेकर आया है।
रविवार को यहां भारत के खिलाफ पहले वनडे की पूर्व संध्या पर शनाका ने कहा, "दोनों टीमें बराबर रहेंगी क्योंकि उनके (भारत) नए खिलाड़ी हैं। हम सभी जानते हैं कि उन्होंने आईपीएल खेला है लेकिन फिर भी, उन्होंने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट नहीं खेला है, इसलिए दोनों टीमों के पास मौके हैं। "
शनाका शुक्रवार को पिछले चार वर्षों में श्रीलंका के 10वें कप्तान बने, जब उन्हें भारत के खिलाफ यहां खेली जाने वाली सफेद गेंद की छह मैचों की श्रृंखला के लिए 23 सदस्यीय टीम का कप्तान बनाया गया।
जबकि भारतीय टीम की कमान शिखर धवन के पास है। विराट कोहली की अगुवाई वाली नियमित टीम इस समय आगामी पांच मैचों की सीरीज में हिस्सा लेने के लिए इंग्लैंड में है।
श्रीलंका ने शुक्रवार रात को ही टीम का ऐलान किया था। यह पूछे जाने पर कि क्या इससे फायदा हुआ, 29 वर्षीय दाएं हाथ के बल्लेबाज ने हां में जवाब दिया। उनका कहना है कि भारत ने श्रीलंका के कई खिलाड़ियों को अभी इंटरनेशनल क्रिकेट में नहीं देखा है इसलिए इन नए खिलाड़ियों के खिलाफ टीम इंडिया को नई तैयारी करनी होगी।
वर्तमान समय में श्रीलंका का नेतृत्व करना कितना चुनौतीपूर्ण है, इस पर उन्होंने कहा, "हां, यह हमेशा चुनौतीपूर्ण होता है, आप अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट और बाहरी (मैदान के बाहर) समस्याओं को जानते हैं, यह सब मायने रखता है, लेकिन आपको इस सबसे परे जाकर टीम के तौर पर प्रदर्शन करना होता है, हमारा ध्यान बस इसी पर है, खिलाड़ी भी इसी ओर देख रहे हैं।"
खिलाड़ियों और बोर्ड एसएलसी के बीच नेशनल कॉन्ट्रेक्ट को लेकर लंबे समय से संघर्ष चल रहा है। श्रीलंका यूके दौरे पर एक भी गेम जीतने में विफल रहा। शनाका के मुताबिक, भारत के खिलाफ खेलने के बाद उनकी टीम को अच्छा अनुभव मिलेगा।