नई दिल्ली। दक्षिण अफ्रीका के डरबन में आॅस्ट्रेलिया के साथ खेले गए वनडे सीरीज के तीसरे मैच में दक्षिण अफ्रीका ने चार विकेट से आॅस्ट्रेलिया को हराकर सीरीज में 3-0 की अपराजेय बढ़त बना ली है।
इस हाई स्कोरिंग मैच में दक्षिण अफ्रीकी बल्लेबाज डेविड मिलर ने ऐसा तूफान मचाया कि उनकी बल्लेबाजी के आगे आॅस्ट्रेलिया की ओर से दिया गया 372 रनो का रिकॉर्ड टार्गेट भी छोटा पड़ गया।
मैन आॅफ द मैच डेविड मिलर ने आतिशी पारी खेलते हुए नाबाद 118 रन बनाए और टीम को जीत दिलाई। इससे पहले आॅस्ट्रेलिया ने पहले खेलते हुए कुल 6 विकेट के नुकसान पर 371 रन बनाए थे। आॅस्ट्रेलिया की तरफ से इस मैच में कप्तान स्टीवन स्मिथ और डेविड वॉर्नर ने शतक लगाए।
आपको बता दें कि वनडे क्रिकेट इतिहास में सबसे बड़े स्कोर का पीछा करते हुए जीतने के मामले में यह दूसरा मैच था। इससे पहले भी 2006 में आॅस्ट्रेलिया के खिलाफ ही 434 रनों के टार्गेट का पीछा करते हुए दक्षिण अफ्रीकी टीम ने 438 रन बनाए थे। दोनों टीमें सीरीज का चौथा वनडे मुकाबला 9 अक्टूबर को पोर्ट एलिजाबेथ में खेलेंगी।
ऑस्ट्रेलिया: 371/6 (वॉर्नर 117, स्मिथ 108)
दक्षिण अफ्रीका: 372/6 (मिलर 118*, डी कॉक 70)