विश्व कप डायरी
पंकज प्रियदर्शी
बीबीसी संवाददाता, दक्षिण अफ़्रीका से
ख़बर ये है कि ब्राज़ील की टीम इस विश्व कप से बाहर हो गई है...लेकिन ब्राज़ील समर्थकों निराश मत हो. अब निराशा छोड़कर टीम और समर्थकों को 2014 के विश्व कप पर ध्यान देना चाहिए, जिसकी मेज़बानी ब्राज़ील को करनी है.
अब जीत के जश्न और अपनी टीम के छठी बार विश्व कप जीतने की आस लगाए बैठे लोगों को ये पढ़ने को मिले- तो क्या प्रतिक्रिया होगी. ये ख़बर छपी तो ब्राज़ील में है, लेकिन दक्षिण अफ़्रीकी मीडिया इस पर ख़ूब चुटकी ले रहा है.
कई लोग तो इसे ही इस विश्व कप का अंजाम बता कर ख़ूब चुटकी ले रहे हैं.
दरअसल ब्राज़ील के एक बड़े अख़बार में सुपरमार्केट का विज्ञापन छपा. इस विज्ञापन में बड़े-बड़े अक्षरों में लिखा गया है- ब्राज़ील की टीम भले ही विश्व कप से बाहर हो गई है, लेकिन वो हमारे दिल में मौजूद है.
इस विज्ञापन में आगे लिखा है- थैंक्स ब्राज़ील, अब 2014 में मिलेंगे. अब आप सोचिए कि सुबह-सुबह ब्राज़ील के लोगों पर क्या गुज़री होगी. अब सुपरमार्केट वाले इस ग़लती का ठीकरा अख़बार के सिर फोड़ रहे हैं.
जर्मनी की टीम स्टार खिलाड़ियों से सजी अर्जेंटीना की टीम को हराकर सेमी फ़ाइनल में पहुँच जाएगी. ये मैं नहीं कह रहा. बल्कि जर्मनी में इस भविष्यवाणी की ख़ूब चर्चा है.
दरअसल ये भविष्यवक्ता और कोई नहीं एक ऑक्टोपस है. इस ऑक्टोपस ने अभी तक इस विश्व कप में जर्मनी की जीत-हार की बिल्कुल सही भविष्यवाणी की है.
और इस ऑक्टोपस की मानें तो शनिवार को होने वाले क्वार्टर फ़ाइनल मैच में जर्मनी की टीम अर्जेंटीना को हरा देगी. दो साल का ये ऑक्टोपस पैदा तो इंग्लैंड में हुआ था. लेकिन अब ये जर्मनी के एक एक्वेरियम की शोभा बढ़ा रहा है.
दरअसल इस ऑक्टोपस के सामने दोनों टीमों के झंडे वाला बक्से रखे जाते हैं और दावा ये है कि ऑक्टोपस उसी बक्से को जकड़ लेता है, जो टीम जीतने वाली होती है.
और तो और इस ऑक्टोपस ने ये भी सही-सही भविष्यवाणी की थी कि जर्मनी की टीम सर्बिया से हार जाएगी. अब मेसी और माराडोना को इस ऑक्टोपस की भविष्यवाणी से पार पाने का कोई रास्ता निकालना होगा.
विश्व कप जैसी प्रतियोगिता में हारना किसी के लिए निराशा का सबब हो सकता है. लेकिन क्रिस्टियानो रोनाल्डो जैसे बड़े क़द के खिलाड़ी को तो इसकी आदत हो जानी चाहिए.
स्पेन के हाथों नॉक आउट स्टेज में हार जाने के बाद सबसे ज़्यादा सवाल रोनाल्डो पर उठे हैं. क्या उनके ख़िलाफ़ स्पेन की रणनीति काम कर रही थी या रोनाल्डो ही अच्छा नहीं खेल पा रहे थे.
कोच की रणनीति की भी चर्चा हो रही थी. लेकिन मैच ख़त्म होने के बाद रोनाल्डो ने वही किया, जो उन्हें नहीं करना चाहिए था. रोनाल्डो ने पत्रकारों से बात करने से मना कर दिया.
उनके कोच ने सबसे बात की और ये भी स्वीकार किया कि इस मैच में स्पेन बेहतर टीम थी और बेहतर टीम की विजय हुई. लेकिन रोनाल्डो का अक्खड़पन देखिए कि हार को स्वीकार करने की बजाए वे पत्रकारों को आँख दिखाकर चले गए.
इतना ही ध्यान अगर उन्होंने अपने खेल पर दिया होता तो ये हश्र नहीं होता.
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications
