नई दिल्ली। इंग्लैंड के खिलाफ हुई 5 टेस्ट मैचों की एशेज सीरीज के दाैरान आस्ट्रेलिया के विस्फोटक ओपनर डेविड वाॅर्नर पूरी तरह से फ्लाॅप निकले थे, लेकिन उन्होंने अपनी खोई हुई लय प्रथम श्रेणी क्रिकेट के जरिए हासिल कर ली है। वार्नर ने आस्ट्रेलिया के घरेलू टूर्नामेंट शेफील्ड शील्ड में न्यू साउथ वेल्स के लिए खेलते हुए क्वींसलैंड के खिलाफ शानदार शतक ठोका जिसमें 18 दनदनाते चाैके शामिल रहे।
वाॅर्नर ने मैच में 221 गेंदों पर 125 रन बनाए। यह उनका प्रथम श्रेणी क्रिकेट का 29वां शतक है। राष्ट्रीय टेस्ट टीम में उनके साथी मार्नस लाबुशाने ने वार्नर को पवेलियन भेजा। इसी के साथ उन्होंने वापसी के संकेत दे दिए हैं। वाॅर्नर का यह 108वां प्रथम श्रेणी मैच रहा। वह 8828 रन बना चुके हैं जिसमें 38 अर्धशतक भी शामिल हैं। बता दें कि 32 साल के इस खिलाड़ी ने टेस्ट इतिहास में अपने नाम एक बेहद खराब रिकॉर्ड बनाया था जहां एक ही एशेज सीरीज में वो 8 बार 10 के नीचे रन पर आउट हुए थे। यह पांच टेस्ट मैच की किसी सीरीज में किसी ओपनर का सबसे कम औसत है। वाॅर्नर अब आगे ऐसा प्रदर्शन दोहराना नहीं चाहेंगे।
वॉर्नर ने सीरीज के 5 मैचों की 10 पारियों में सिर्फ 95 रन बनाए थे। बड़ी शर्मनाक बात यह है कि इनमें से 61 रन तो उनकी एक ही पारी से निकले थे, जबकि 9 पारियों में उनका काम तू चल मैं आया की तरह रहा। एशेज सीरीज में उन्होंने महज 9.5 की औसत से रन बनाए। वॉर्नर ने 61 रनों को छोड़कर 2, 8, 3, 5, 0, 0, 0, 5 और 11 रन बनाए। सीरीज शुरू होने से पहले वॉर्नर ने सोचा नहीं होगा कि उनका ऐसा हाल होने वाला है।