IPL Auction : बहुत महंगे बिकने वाले हैं डेविड वार्नर, पूर्व भारतीय क्रिकेटर ने किया दावा
नई दिल्ली। आईसीसी टी20 विश्व कप 2021 में डेविड वार्नर ने धमाकेदार प्रदर्शन करते हुए उन लोगों के मुंह बंद कर दिए जो उनके प्रदर्शन पर आईपीएल 2021 के दाैरान सवाल उठा रहे थे। वहीं अब आईपीएल 2022 के लिए खिलाड़ियों की नीलामी होने जा रही है, जिसमें डेविड वार्नर भी नजर आएंगे। ऐसे में भारत के पूर्व महान क्रिकेटर सुनील गावस्कर ने दावा किया है कि डेविड वार्नर इंडियन प्रीमियर लीग की नीलामी में सबसे अधिक मांग वाले खिलाड़ियों में से एक होंगे।
सनराइजर्स हैदराबाद ने डेविड वार्नर को टीम से हटा दिया गया था और कप्तान के रूप में हटा दिया गया था। वार्नर 8 मैचों में 195 रन ही बना सके थे, जिस कारण उनकी खूब आलोचना होती दिखी। हालांकि, वार्नर ने यूएई में टी20 विश्व कप 2021 के दौरान सबकुछ भूलते हुए जबरदस्त प्रदर्शन किया। वार्नर 7 मैचों में 289 रन के साथ ऑस्ट्रेलिया के सबसे अधिक रन बनाने वाले खिलाड़ी के रूप में उभरे और मैन ऑफ द टूर्नामेंट का पुरस्कार जीता। वॉर्नर ने रविवार को दुबई में खेले गए टी20 विश्व कप फाइनल में न्यूजीलैंड पर ऑस्ट्रेलिया की आसान जीत में 53 रनों की तेज पारी खेली।
यह भी पढ़ें- T20 World Cup : माईखेल हिंदी ने चुनी 'बेस्ट प्लेइंग इलेवन', सिर्फ 1 भारतीय को मिली जगह

उसके पास कप्तानी के भी गुण हैं
वार्नर ऑस्ट्रेलिया के अभ्यास मैचों में खराब प्रदर्शन के बावजूद दृढ़ निश्चयी दिखे। उन्होंने सुपर 12 चरणों में वेस्टइंडीज के खिलाफ नाबाद 89 रनों की तेज पारी के दौरान फॉर्म को हासिल किया। वार्नर ने फाइनल में यादगार अर्धशतक से पहले 30 गेंदों में 49 रनों के साथ सेमीफाइनल में पाकिस्तान के खिलाफ टीम को जीत दिलाने का काम किया था। गावस्कर ने इंडिया टुडे को बताया, "निश्चित रूप से वार्नर बिकने वाले सबसे महंगे खिलाड़ियों में से एक होगा। यह मत भूलो कि दो नई टीमें भी हैं। उसका जो अनुभव है उसे मत भूलना, उसके पास कप्तानी के भी गुण हैं। वह मैदान पर बहुत ऊर्जावान है। वह निश्चित रूप से दो नई टीमों में से किसी एक के लिए सही रहेगा। अगर हैदराबाद उसे बरकरार नहीं रखती है।''

उसे होटल में बैठाना गलत था
गावस्कर ने कहा कि टीम होटल में वार्नर को छोड़ना वास्तव में आईपीएल 2021 में सनराइजर्स का एक कठोर फैसला था। गावस्कर ने कहा, "वार्नर के लिए यह थोड़ा कठिन था। उसे होटल में बैठाना गलत था जबकि कुछ सामान्य खिलाड़ी जो प्लेइंग इलेवन में भी नहीं होने वाले थे, मैदान पर थे। एक कमी के अलावा और भी बहुत कुछ रहा होगा, जिसने उन्हें वापसी करने के लिए मजबूर किया हो।'' गावस्कर ने कहा, "जहां तक ऑस्ट्रेलिया का सवाल है, मुझे लगता है कि वे शायद कह रहे हैं कि इस विश्व कप में हमने जो प्रदर्शन देखा है, उसके लिए उसे प्रेरित करने के लिए इस तरह की चीज की जरूरत थी।"

आत्मविश्वास ने उन्हें इस स्थिति में पहुंचाया
गावस्कर ने कहा कि यह स्पष्ट है कि सनराइजर्स हैदराबाद के लिए खराब सीजन जाने के बावजूद वार्नर में आत्मविश्वास की कमी नहीं थी। उन्होंने कहा, "वह एक सकारात्मक सोच वाला प्रदर्शन है। वह जो हुआ उसे पीछे मुड़कर नहीं देखता है। उसने खुद से कहा होगा कि 'अतीत में जो हुआ है वो बीत गया है। भविष्य केवल मेरे हाथ में है। इसके अलावा, मत भूलना टी20 विश्व कप की शुरुआत में भी, उन्होंने अभ्यास मैचों में अच्छा प्रदर्शन नहीं किया और टीम में उनकी जगह के बारे में सवाल पूछे गए। लेकिन जिस आत्मविश्वास ने उन्हें इस स्थिति में पहुंचाया है वो कमाल है।"
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications
