नेहरू स्टेडियम स्टिंग ऑपरेशन फर्जी : दिल्ली पुलिस
नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस ने बुधवार को बयान दिया कि आस्ट्रेलियाई टेलीविजन चैनल द्वारा दिखाया जा रहा कथित स्टिंग ऑपरेशन फर्जी है। इस स्टिंग ऑपरेशन में जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम की सुरक्षा व्यवस्था को बिल्कुल लापरवाह दिखाया गया है।
पुलिस के मुताबिक यह स्टिंग ऑपरेशन 'फर्जी और गलत' है तथा इसे 'जानबूझकर तैयार' किया गया है। उल्लेखनीय है कि स्टिंग ऑपरेशन में दिखाया गया है कि एक आस्ट्रेलियाई टीवी पत्रकार कथित तौर पर विस्फोटकों के साथ स्टेडियम में प्रवेश कर रहा है लेकिन इसमें कोई सच्चाई नहीं है।
दिल्ली पुलिस ने अपने बयान में कहा, "आस्ट्रेलियाई टीवी चैनल द्वारा कराया गया स्टिंग ऑपरेशन गलत है। ऑपरेशन में रिपोर्टर को स्टेडियम के बाहर की मुख्य सड़क पर लगाए अवरोधकों को पार करते हुए दिखाया गया है। लेकिन यह सिर्फ स्टेडियम में प्रवेश करने की भ्रामक स्थिति पैदा करता है जबकि इन अवरोधकों को वाहनों के दिशापरिवर्तन के लिए लगाया गया है।"
पुलिस के मुताबिक "रिपोर्टर को जिस स्थान से गुजरते हुए दिखाया गया है वह दरअसल स्टेडियम के मुख्य प्रवेश द्वार से काफी दूर है। इस स्थान पर पैदल आने वालों की जांच की जाती है। रिपोर्टर तो इस जांच स्थल तक भी नहीं पहुंचा। ऐसे में उसके स्टेडियम के अंदर जाने की बात भला कैसे मानी जा सकती है।"
नेहरू स्टेडियम में राष्ट्रमंडल खेलों का उद्घाटन और समापन समारोह होना है। टीवी पत्रकार ने अपने स्टिंग ऑपरेशन के जरिए दिखाया कि वह विस्फोटकों से भरे अपने ट्रॉली बैग के साथ आसानी से स्टेडियम में प्रवेश करने में सफल रहा। रिपोर्ट के मुताबिक बैग में जो विस्फोटक थे उनमें यदि डेटोनेटर लगा दिया जाता था तो उसमें 200 विस्फोटों की क्षमता है।
हालांकि दिल्ली पुलिस ने इस स्टिंग ऑपरेशन को बकवास करार देते हुए साफ किया कि नेहरू स्टेडियम की सुरक्षा पुख्ता है। पुलिस ने कहा, "नेहरू स्टेडियम की सुरक्षा में कोई ढील नहीं है। खेलों के नजदीक आने के साथ यहां की सुरक्षा और बढ़ाई जाएगी। इस लिहाज से स्टिंग ऑपरेशन में दिखाई गई बातें गलत हैं और भ्रामक स्थिति पैदा करती हैं।"
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications