नई दिल्ली। इंडियन प्रीमियर लीग 2020 का फाइनल मैच मंगलवार (10 नवंबर) को दिल्ली कैपिटल्स और मुंबई इंडियंस के बीच खेला गया। मुंबई के तेज गेंदबाज ट्रेंट बोल्ट ने इस मैच में एक खास रिकॉर्ड बनाया है।
पावरप्ले में बोल्ट ने दो ओवर में 2 विकेट लिए
दिल्ली ने टॉस जीता और पहले बल्लेबाजी करने का फैसला लिया। ट्रेंट बोल्ट ने पारी का पहला ओवर फेंका। पहली ही गेंद पर उन्होंने दिल्ली के सलामी बल्लेबाज मार्कस स्टॉयनिस को कैच आउट करवाकर पवेलियन भेजा। वह फिर पारी के तीसरे ओवर में गेंदबाजी करने के लिए लौटे। दिल्ली के अनुभवी बल्लेबाज अजिंक्य रहाणे(2) भी उनकी गेंद पर चलते बने। ओवर की चौथी गेंद पर शॉट खेलने की कोशिश करते हुए रहाणे कैच दे बैठे और बोल्ट ने अपने दो ओवरों में 2 विकेट लिए। इसी के साथ उन्होंने किसी एक सीजन में पावरप्ले में मिशेल जॉनसन के 16 विकेट के रिकॉर्ड की बराबरी की।
ट्रेंट बोल्ट ने इस सीजन में पावरप्ले के दाैरान कुल 16 विकेट लिए हैं, जिसमें 2 विकेट फाइनल मैच के रहे। ऐसा करके उन्होंने ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाज मिशेल जॉनसन की बराबरी कर ली है। जॉनसन ने 2013 आईपीएल सीजन के दौरान पावरप्ले में सबसे अधिक 16 विकेट लिए थे।
पावरप्ले में एक सीजन में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले
ट्रेंट बोल्ट - 16 विकेट (2020)
मिशेल जॉनसन - 16 विकेट (2013)
दीपक चाहर - 15 विकेट (2019)
मोहित शर्मा - 15 विकेट (2013)
धवल कुलकर्णी - 14 विकेट (2016)
उमेश यादव - 14 विकेट (2018)