Deodhar Trophy: फाइनल मैच में चमके केदार जाधव-शाहबाज नदीम, इंडिया बी ने जीता खिताब
नई दिल्ली। भारत के घरेलू लिस्ट ए टूर्नामेंट देवधर ट्रॉफी के फाइनल में सोमवार को इंडिया बी और इंडिया सी की टीमें भिड़ीं। झारखंड राज्य क्रिकेट संघ (जेएससीए) स्टेडियम में खेले गए इस फाइनल मैच में पार्थिव पटेल की कप्तानी वाली इंडिया-बी की टीम ने काफी समय से राष्ट्रीय टीम से बाहर चल रहे केदार जाधव (86), यशस्वी जायसवाल (54) और विजय शंकर (45) की पारियों के दम पर 283 रनों का स्कोर खड़ा किया। वहीं जब टीम इस लक्ष्य का बचाव करने उतरी तो बाएं हाथ के लेफ्ट आर्म स्पिनर शाहबाज नदीम (32 रन पर चार विकेट) की शानदार गेंदबाजी की बदौलत इंडिया सी को 232 के स्कोर पर रोकने में कामयाब रही। इसके साथ ही इंडिया बी की टीम ने देवधर ट्रॉफी 2019 का खिताब अपने नाम कर लिया। बता दें कि शाहबाज नदीम ने हाल ही में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ अपना टेस्ट डेब्यू किया था।
और पढ़ें: IPL 2020: क्रिकेट के नियमों में हुआ ये बड़ा बदलाव तो और बढ़ जाएगा खेल का रोमांच
इंडिया-सी के लिए प्रियम गर्ग ने 77, अक्षर पटेल ने 38, जलज सक्सेना ने नाबाद 37 और मयंक अग्रवाल ने 28 रनों का योगदान दिया।

इंडिया बी ने जल्द खो दिये थे 2 विकेट
सोमवार को हुई इस खिताबी भिड़ंत में कप्तान पार्थिव पटेल ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। ऋतुराज गायकवाड़ के पहले ही ओवर में आउट होने के बाद इंडिया-बी को झटका जरूर लगा था लेकिन उनके बाद आए यशस्वी ने टीम को संभाला। पार्थिव (14) के रूप में इंडिया-बी ने 28 के कुल स्कोर पर अपना दूसरा विकेट खोया। बाबा अपराजित (13) ने यशस्वी के साथ मिलकर स्कोर 73 रन किया और यहीं अपराजित पवेलियन लौट लिए।

रंग में लौटे केदार जाधव-विजय शंकर, खेली मैच जिताऊ पारी
79 गेंदों पर पांच चौके और एक छक्का मारने वाले यशस्वी भी 92 के कुल स्कोर पर आउट हो गए। यहां से जाधव ने रन गति को बनाए रखा। विजय शंकर ने भी अंत में 33 गेंदों पर चार चौके और दो छक्कों की मदद से 45 रन बनाए। जाधव ने 84 गेंदों पर चार चौके और चार छक्कों की सहायता से बेहतरीन पारी खेली लेकिन 276 के कुल स्कोर पर आउट हो गए।
यहां से गौतम ने 10 गेंदों पर तीन चौके और तीन छक्के लगाते हुए नाबाद 35 रन बनाए और टीम को मजबूत स्कोर दिया। इंडिया-सी के लिए ईशान पोरेल ने पांच विकेट लिए। जलज सक्सेना और अक्षर पटेल को एक-एक विकेट मिला।

नदीम के सामने ढेर हो गई इंडिया सी की टीम
वहीं लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंडिया सी की टीम की शुरुआत कुछ खास नहीं रही और महज 2 रन पर उसने इनफॉर्म बल्लेबाज और कप्तान शुभमिन गिल का विकेट खो दिया। यहां से मयंक अग्रवाल और प्रियम गर्ग ने पारी को संभाला और अर्धशतकीय साझेदारी की। शाहबाज नदीम ने मयंक अग्रवाल को वापस पवेलियन भेजने का काम किया।
मैदान पर आये विराट सिंह भी ज्यादा कुछ नहीं कर पाये और 6 रन बनाने के बाद रन आउट का शिकार हुए। विराट के जाने के बाद इंडिया सी ने अगले 2 विकेट बहुत जल्दी खो दिये। पहले सूर्यकुमार यादव (3) नदीम की गेंद पर बोल्ड हुए और फिर दिनेश कार्तिक (3) नदीम की गेंद पर LBW होकर वापस पवेलियन लौटे।

काम नहीं आई प्रियम गर्ग की जुझारु पारी
वहीं दूसरे छोर से प्रियम गर्ग लगातार डटे हुए थे। उन्होंने इस मैच में 74 रनों की पारी खेली जिसमें 8 चौके और एक छक्का शामिल रहा। पिछले मैच में मैच जिताऊ पारी खेलने वाले अक्षर पटेल ने इस मैच में भी प्रियम का बखूबी साथ दिया और छठे विकेट के लिये 63 रनों की साझेदारी की। मोहम्मद सिराज ने प्रियम को बोल्ड कर इंडिया बी को छठी सफलता दिलाई।
25 रन बाद अक्षर पटेल (38) रन आउट होकर वापस पवेलियन लौटे। जलज सक्सेना नाबाद 37 बनाकर लौटे, वहीं मयंक मार्कंडे ने भी 27 रनों की जुझारू पारी खेली।
इंडिया-बी की ओर से नदीम के चार विकेटों के अलावा मोहम्मद सिराज और रूश कलारिया ने एक विकेट लिया।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications
