...तो बिना IPL खेले धोनी को मिल जाएगी टीम में जगह, पूर्व क्रिकेटर ने बताई वजह
नई दिल्ली। अगर किसी खिलाड़ी को टीम में जगह बनानी होती है तो उसे पहले जरूरी रहता है बेहतर प्रदर्शन करना। महेंद्र सिंह धोनी को लेकर इसी मुद्दे पर पिछले कुछ महीनों से चर्चा चल रही है कि वो टीम में वापसी कर पाएंगे या नहीं। अगर करते भी हैं तो किस आधार पर? धोनी ने आखिरी मैच पिछले साल विश्व कप में जुलाई महीने खेला था। अब उम्मीद है कि वो आईपीएल में प्रदर्शन करेंगे और टीम में जगह बनाएंगे। लेकिन इस बीच एक पूर्व भारतीय क्रिकेटर ने यह बयान देते हुए सबको चाैंका दिया कि धोनी को आईपीएल खेले बिना भी टीम में जगह मिल जाएगी।

वापसी के लिए IPL की जरूरत नहीं
दरअसल, पूर्व क्रिकेटर और मशहूर हिंदी कमेंटेटर आकाश चोपड़ा ने अपने यू-ट्यूब चैनल पर धोनी की वापसी को लेकर अपनी राय रखी। चोपड़ा का मानना है कि धोनी जैसे क्रिकेटर को इंटरनेशनल टीम में वापसी करने के लिए आईपीएल की जरूरत नहीं है। उन्होंने कहा, ''धोनी जैसे क्रिकेटर के लिए आईपीएल कभी भी यार्डस्टिक नहीं था। अगर वो आईपीएल में रन बनाते हैं, तो लोग कहना शुरू कर देंगे कि उन्हें टीमें में चुन लो, ये कर लो, वो कर लो। लेकिन धोनी को पता है कि वो क्या कर रहे हैं, वो वापसी करना चाहते हैं या नहीं।''

धोनी अनुभवी खिलाड़ी हैं
आकाश चोपड़ा ने आगे कहा, ''मुझे नहीं लगता कि आईपीएल को बड़ी फैक्टर है। अगर वो वापसी करना चाहते हैं तो वो खुद को उपलब्ध रखेंगे और उन्हें अपने आप टीम में शामिल कर लिया जाएगा, आपको अनुभव किसी बाजार में नहीं मिलता है। धोनी अनुभवी खिलाड़ी हैं, अगर टीम को उनकी जररूत पड़ती है तो वो फिर वापसी करेंगे बिना आईपीएल के खेले भी।'' चेन्नई सुपर किंग्स का ट्रेनिंग कैंप शनिवार को सस्पेंड कर दिया गया था।

धोनी ने आखिरी पारी खेली थी धीमी
पिछले साल 9 जुलाई 2019 को धोनी ने आखिरी वनडे मैच खेला था। यह न्यूजीलैंड के खिलाफ आईसीसी विश्व कप का सेमीफाइनल था जिसमें टीम को हार मिली थी। इस मैच में धोनी ने 72 गेंदों में 50 रन बनाए तो उनकी धीमी पारी की जमकर आलोचना हुई। हार का कारण उन्हें माना जाने लगा। इसके बाद धोनी ने फिर टीम के लिए कोई भी अंतरराष्ट्रीय मैच नहीं खेला। यहां तक कि संन्यास को लेकर भी अटकलें तेज रहीं, लेकिन टीम मैनेजमेंट ने संन्यास की अटकलों पर विराम लगाते कहा था कि धोनी के पास अभी भी आईपीएल के जरिए वापसी करने का माैका है और वह टी20 विश्व कप का हिस्सा बन सकते हैं।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications
