शालिनी जोशी
देहरादून से, बीबीसी हिंदी डॉट कॉम के लिए
भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी की सगाई उनकी बचपन की दोस्त साक्षी रावत के साथ हो गई है. नज़दीकी रिश्तेदारों और पारिवारिक मित्रों ने इसकी पुष्टि की है.
ख़बर है कि क्रिकेट खिलाड़ी आरपी सिंह, हरभजन सिंह और आशीष नेहरा भी सगाई समारोह में मौजूद थे.
ये बेहद ही गोपनीय और पारंपरिक समारोह रहा. कुछ चुनिंदा लोग ही इसमें आमंत्रित किये गये थे.
देहरादून से 30 किलोमीटर दूर भागीरथी रिसोर्ट में दोनों की सगाई हुई है.
साक्षी रावत उत्तराखंड की एक महिला आईपीएस अधिकारी की नज़दीकी रिश्तेदार हैं. नाम न लिये जाने की शर्त पर इन महिला अधिकारी ने इस सगाई समारोह की पुष्टि की और कहा कि, “ये उनके और पूरे परिवार के लिये एक बेहद ख़ुशी का क्षण है."
बताया जाता है कि महेंद्र सिंह धोनी और साक्षी रावत बचपन के दोस्त हैं और दोनों ने ही रांची के डीएवी श्यामली स्कूल से साथ-साथ पढ़ाई की है. साक्षी रावत मैनेजमेंट में स्नातक हैं. पिता के रिटायर्ड होने के बाद से साक्षी का परिवार देहरादून-मसूरी में रह रहा है.
क़रीबी लोगों के अनुसार विवाह नवंबर में होगा.
जैसे ही लोगों को महेंद्र सिंह धोनी की सगाई का पता चला उस होटल और ब्यूटी पार्लर के बाहर लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी .
साक्षी के परिवार के क़रीबी सुरेश आनंद ने कहा, "हमें गर्व है कि धोनी देहरादून के दामाद बन रहे हैं."
धोनी के पिता भी मूल रूप से उत्तराखंड में अलमोड़ा के रहनेवाले हैं और उनके चाचा का परिवार यहां रहता है.
एक साल पहले धोनी गोपनीय ढंग से मसूरी आए थे और उन्हें और साक्षी को मसूरी में साथ देखा गया था.
महेंद्र सिंह धोनी के परिवार की तरफ से अभी तक इस सगाई की औपचारिक घोषणा होनी बाक़ी है.