भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने विश्व कप के शुरूआती मैच में बांग्लादेश को 87 रन से हराने के बाद टीम के प्रदर्शन पर संतोष जताया लेकिन साथ ही कहा कि क्षेत्ररक्षण में सुधार की ज़रूरत है.
मैच के बाद धोनी ने कहा, ''क्षेत्ररक्षण में सुधार की ज़रूरत है. ये बड़ी चिंता की बात है, हमें और रन बचाने होंगे. सभी अच्छी टीमें ऐसा करती हैं और हमें भी ऐसा करना होगा.''
हालांकि धोनी ने बल्लेबाज़ों और गेंदबाज़ों के प्रदर्शन पर संतोष बनाया.
उन्होंने कहा, ''बल्लेबाज़ों ने काफ़ी अच्छा प्रदर्शन किया. गेंदबाज़ों ने भी अपने काम को बखूबी अंजाम दिया. स्पिनरों को गेंदबाज़ी करने में थोड़ी दिक्कत ज़रूर हो रही थी.''
उल्लेखनीय है कि भारत ने सहवाग की 175 और विराट कोहली की शतकीय पारी की मदद से बांग्लादेश के सामने 371 रन का लक्ष्य रखा था. इसके जवाब बांग्लादेश ने नौ विकेट के नुक़सान पर 283 रन बनाए.
कप्तान महेंद्र ने इन दोनों बल्लेबाजों की तारीफ़ करते हुए कहा, ''सहवाग और कोहली के बीच की साझेदारी अहम थी. हमने दो विकेट गंवा दिए थे और विकेट पर जमना ज़रूरी था. नए बल्लेबाज़ों के लिए उतरते ही रन बनाना मुश्किल था. ऐसे में सहवाग और कोहली ने बढ़िया पारियाँ खेलीं.''
मैन ऑफ़ द मैच सहवाग को करार दिया गया. उनका कहना था कि भारत ने कुल मिलाकर अच्छा प्रदर्शन किया और विराट कोहली ने उनका अच्छा साथ दिया.