धर्मशाला। भारत और श्रीलंका के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज का पहला मैच धर्मशाला में खेला गया। टेस्ट सीरीज में 1-0 से जीत हासिल करने के बाद वनडे सीरीज में जीत से आगाज करने उतरी टीम इंडिया की हालत खस्ता है। विराट कोहली की गैरमौजूदगी में टीम इंडिया की कमान रोहित शर्मा के हाथों में सौंपी गई लेकिन रोहित कुछ ज्यादा कमाल नहीं कर पाए और मात्र 2 रन बनाकर आउट हुए। रोहित शर्मा से पहले शिखर धवन 0 पर होकर पवेलियन लौट गए। रोहित धवन का विकेट 2 के स्कोर पर ही गिर चुका था जिसके बाद बल्लेबाज करने आए डेब्यू कर रहे बल्लेबाज श्रेयस अय्यर ने एक छोर से पारी को संभाला लेकिन दूसरे छोर से विकेट गिरते रहे। अय्यर, कार्तिक, मनीष पांडे, हार्दिक पांड्या, भुवनेश्वर कुमार सब आए और चलते बने।
कहा जा रहा है कि भारतीय कोच रवि शास्त्री का एक मजाकिया ट्वीट टीम इंडिया को भारी पड़ गया। बता दें कि इससे पहले तीन मैचों की टेस्ट सीरीज भारत 1-0 से जीतकर धर्मशाला पहुंचा है। सीरीज का आखिरी मैच दिल्ली में खेला गया जहां प्रदूषण को लेकर काफी बवाल हुआ था। दरअसल श्रीलंकाई खिलाड़ियों ने खेल के तीसरे दिन प्रदूषण को लेकर शिकायतें की थीं जिसके बाद खेल काफी देर तक रोकना पड़ा था। चौथे दिन श्रीलंकाई तेज गेंदबाज सुरंगा लकमल को उल्टी करते देखा गया। इस मैच में श्रीलंकाई खिलाड़ी मास्क लगाकर मैदान पर उतरे थे। हालांकि अब जब दोनों टीमें भारत की हसीन वादियों में पहुंच चुकी हैं तो ऐसे में सुकून की सांसे लेना तो बनता है। इसी क्रम में टीम इंडिया के मुख्य कोच रवि शास्त्री के ट्वीट कर श्रीलंकाई टीम पर तंज कसा। उन्होंने ट्वीट किया- धर्मशाला में खुलकर सांस लो।
Breathe easy in Dharamsala #TeamIndia #INDvSL pic.twitter.com/DpvQZ7KQfq
— Ravi Shastri (@RaviShastriOfc) December 8, 2017
अब सुरंगा लकमल ने ही टीम इंडिया पर कहर बरपा दिया। शायद लकमल को शास्त्री की बात दिल पर लग गई और उन्होंने अपने करियर का बेस्ट प्रदर्शन कर डाला। सुरंगा लकमल ने 10 ओवर में 4 मैडन डालते हुए 13 रन देकर 4 विकेट झटके।
बता दें कि इसी साल आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी के फाइनल में पाकिस्तान ने भारत को पटखनी देते हुए खिताब जीता था।मैच के बाद पाकिस्तानी खिलाड़ियों ने खुलासा किया था कि मैच से पहले भारतीय पूर्व क्रिकेटरों ने उन्हें हल्के में लिया था और गलत बातें कहीं थी जिससे उन्हें जीतने और अच्छा प्रदर्शन करने में मदद मिली।