नई दिल्ली। आखिर कोई कब तक अपने दिल की बात को दिल में दबा कर रख सकता है, आखिरकार गम कहीं ना कहीं तो निकलेगा ही, जी हां हम बात कर रहे हैं स्टार क्रिकेटर और रीयल फाइटर युवराज सिंह की।
जिन्होंने आखिरकार विश्वकप को लेकर अपनी चुप्पी तोड़ी है। युवराज सिंह ने कहा कि विश्वकप के लिए चुने नहीं जाने से वह बेहद निराश हैं लेकिन उन्होंने कहा कि मैं एक खिलाड़ी हूं और इसलिए हताश होकर नहीं बैठ सकता। भारतीय टीम में मेरी वापसी की कोशिश जारी रहेगी।
बाएं हाथ के बल्लेबाज युवराज के अनुसार उनके दिल में अब भी भारतीय टीम के लिए खेलने की तमन्ना है और वह रणजी ट्रॉफी तथा घरेलू मुकाबलों से एक बार फिर खुद को साबित करेंगे।
मालूम हो कि विश्वकप 2011 के मैन ऑफ द सीरीज युवराज सिंह ने रणजी मैचों में शानदार खेल दिखाया है जिससे कि उम्मीद की जा रही थी उनकी वापसी विश्वकप के लिए चुनी जा रही टीम के लिए हो सकती थी, उन्हें रविंद्र जडेजा के चोटिल होने का फायदा मिल सकता है लेकिन ऐसा हुआ नहीं और उन्हें टीम में जगह नहीं मिली। आपको बता दें कि रणजी ट्रॉफी में युवराज पंजाब के लिए खेलते हैं। युवराज ने कहा कि उनकी कोशिश रणजी में और ज्यादा रन बनाने की होगी।