नई दिल्ली। आईपीएल का यह सीजन युवाओं के लिए बेहद खास दिख रहा है। गेंदबाज हो या फिर बल्लेबाज सभी अपने कारनामों से लोगों को अपना दीवाना बना रहे हैं। ऐसा ही एक रोमांचक मुकाबला शुक्रवार को दिल्ली के फिरोजशाह कोटला के मैदान में देखने को मिला जब दो युवा खिलाड़ियो ने सभी का दिल जीत लिया। केकेआर और दिल्ली डेयरडेविल्स के बीच हुए इस रोमांचक मुकाबले में कई कीर्तिमान स्थापित हुए। बतौर कप्तान पहली बार बल्लेबाजी करने पहुंचे श्रेयस अय्यर की शानदार बल्लेबाजी ने सभी का मन मोह लिया तो वहीं पृथ्वी शॉ की शानदार अर्धशतकीय पारी ने सभी को आकर्षित किया। श्रेयस अय्यर जब बल्लेबाजी करने पहुंचे तो एक समय लगा की मैदान पर वीरेंद्र सहवाग पहुंच गए हों।
श्रेयस के जीवन पर बन चुकी है डॉक्यूमेंट्रीः बता दें की श्रेयस के जीवन पर एक डॉक्यूमेट्री फिल्म बन चुकी है जिसका नाम श्रेयस अय्यर डाक्यूमेंट्री- ए फादर्स ड्रीम है। इसको क्रिकेट राइटर आयुष पुरथान ने निर्देशित किया था। इस फिल्म में दिखाया गया है की कैसै श्रेयस के पिता का सपना था की उनका बेटा क्रिकेटर बने और भारतीय टीम में अपना नाम आगे बढ़ाए उनके इस सपने को श्रेयस ने पूरा किया । श्रेयस ने बल्लेबाजी के गुर पूर्व भारतीय बल्लेबाज प्रवीण आमरे से सीखे हैं। बता दें की श्रेयस के दोस्त उन्हें छोटा वीरेंद्र सहवाग के नाम से जानते हैं, उन्हें छोटा वीरू कहकर ही बुलाते हैं। दिल्ली डेयरडेविल्स की टीम ने श्रेयस को 2015 में 2 करोड़ 60 लाख में खरीदा था।
श्रेयस अय्यर ने अभी तक अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अबतक 6 वनडे मैच खेले हैं और इतने ही टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबला अब तक उन्होंने खेला है। इस सीजन में श्रेयस दिल्ली की कप्तानी भी संभाल रहे हैं ऐसा करने वाले वो चौथे सबसे युवा कप्तान हैं। पहले तीन स्थानों पर विराट कोहली , स्टीव स्मिथ, और सुरेश रैना का नाम शामिल है।