नई दिल्ली। इंग्लैंड के ऑफ स्पिनर डोमिनिक बेस ने भारतीय कप्तान विराट कोहली के विकेट को अपने अंतरराष्ट्रीय करियर में अब तक का सबसे अच्छा पल करार दिया है। एमए चिदंबरम स्टेडियम में मैच के तीसरे दिन का खेल डोमिनिक बेस के नाम भी रहा जब उन्होंने भारत के तीन बड़े बल्लेबाजों का शिकार कर कुल चार विकेट चटकाए थे, जिससे मेजबान टीम बैकफुट पर आ गई।
जहां तक कोहली का विकेट लेने की बात है, तो 23 वर्षीय डोमिनिक ने उछाल भरी गेंदे फेंकी और कोहली बचते दिखे। लेकिन 25वें ओवर की चाैथी गेंद पर कोहली फंस ही गए तथा शाॅर्ट लेग पर ओली पोप को कैच दे बैठे। कोहली 48 गेंदों में 11 रन बनाकर आउट हुए। डोमिनिक ने कहा, ''कोहली का विकेट निश्चित रूप से मेरे करियर का सबसे अच्छा पल है। वह स्पष्ट रूप से सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों में से एक हैं। यह बहुत खास है। कोहली का विकेट किसी अन्य चीज के बजाए गेंदबाजी की प्रक्रिया का ही हिस्सा था। निश्चित रूप से मैं उनको आउट करना चाह रहा था। लेकिन, यह कोई जादुई गेंद फेंकना नहीं था। बस सही एरिया में से 10 से 15 अच्छी गेंद फेंकना था। मैं इसी चीज से खुश हूं।'
बेस ने श्रीलंका के खिलाफ हालिया श्रृंखला में अविश्वसनीय रूप से गेंदबाजी की थी। उन्होंने 2 मैचों में अधिकतम 12 विकेट लिए थे। बेस ने कहा कि वह चेपॉक में चल रहे टेस्ट मैच में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने कहा , "हां, मुझे लगता है कि यह अब तक की सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी है। मैंने सोचा था कि मैंने दक्षिण अफ्रीका (एक साल पहले) में वास्तव में अच्छी गेंदबाजी की है, लेकिन मैं इस श्रृंखला में बहुत तैयारी के साथ आ रहा हूं। ''