बेंगलुरू। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बांग्लादेश दौरे के चलते भारतयी क्रिकेट टीम की बांग्लादेश रवानगी को एक दिन के लिए आगे बढ़ा दिया गया है। प्रधानमंत्री दो दिन की बांग्लादेश यात्रा पर जा रहे हैं जिसके चलते टीम इंडिया और पीएम के दौरे की तारीख एक होने की वजह से यह फैसला लिया गया है।
बीसीसीआई ने पहले टीम इंडिया के 7 जून को बांग्लादेश रवाना होने की बात कही थी। लेकिन बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने प्रधानमंत्री मोदी की यात्रा के चलते सुरक्षा का हवाला देकर इस दौरे को आगे बढ़ाने का आग्रह किया जिसे बीसीसीआई ने स्वीकार कर लिया है। बोर्ड ने पीएम और टीम इंडिया को एक साथ सुरक्षा मुहैया कराने पर चिंता व्यक्त की थी जिस वहज से यह फैसला लिया गया है ।
प्रधानमंत्री मोदी की दो दिवसीय यात्रा के दौरान दोनों देशों के बीच संबंधों को नया आयाम मिलने के कयास लगाये जा रहे हैं। पीएम के साथ बांग्लादेश के दौरे पर पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी भी जायेंगी।
गौरतलब है कि भारत बांग्लादेश के दौरे पर एक टेस्ट और तीन एकदिवसीय मैचों की श्रंखला में हिस्सा लेगी। बांग्लादेश के खिलाफ भारत अपना पहला टेस्ट मैच 10 जून को खेलेगा जबकि एकदिवसीय मैचों की श्रंखला 18 जून से 24 जून तक चलेगी।