हाथों-हाथ योगी सरकार ने लखनऊ के इकाना स्टेडियम को कर दिया 'अटल'
नई दिल्ली। टीम इंडिया और वेस्टइंडीज के बीच आज तीन मैचों की टी20 सीरीज का दूसरा मुकाबला खेला जाएगा। ये मुकाबला आज शाम सात बजे से उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में खेला जाएगा। मैच के एक दिन पहले तक लखनऊ के इस स्टेडियम का नाम इकाना स्टेडियम था लेकिन उसी शाम यानी मैच की पूर्व संध्या पर इस स्टेडियम का नाम राज्य की योगी सरकार ने बदल दिया।
राज्यपाल की रजामंदी से बदला नाम
दूसरे टी20 मैच से पहले योगी सरकार ने राज्यपाल की रजामंदी से इकाना इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम से इसका नाम बदलकर भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम कर दिया है। ऐसे में कह सकते हैं कि प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने स्टेडियम का नाम हाथों-हाथ बदलवा दिया है, जिसकी किसी को भी उम्मीद नहीं थी और राज्यपाल राम नाईक ने इस प्रस्ताव को मंजूरी भी दे दी।
लखनऊ में सिर्फ अटल जी का नाम
लखनऊ स्टेडियम का नाम बदलने पर योगी सरकार का कहना है कि ये लखनऊवासियों के लिए बेहद जरूरी था क्योंकि लखनऊ के लिए पूर्व प्रधानमंत्री और भारत रत्न से सम्मानित अटल बिहारी वाजपेयी ने बहुत कुछ किया था। स्टेडियम का नाम बदलना अटल जी का सम्मान करना है। लखनऊ की हर जगह पर सिर्फ अटल जी का ही नाम होगा। इससे पहले लखनऊ के हजरतगंज चौराहे का नाम अटल जी के नाम पर रखा था।
अखिलेश के समय शुरू हुआ था स्टेडियम निर्माण
बता दें कि इकाना स्टेडियम का निर्माण पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के समय में शुरू हुआ था। यह स्टेडियम अखिलेश यादव के ड्रीम प्रोजेक्ट्स में से एक था। स्टेडियम के नाम बदलने पर फिलहाल समाजवादी पार्टी या फिर पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की तरफ से कोई प्रकिया नहीं आई है। हालांकि, सपा समर्थक का कहना है कि वह मैच वाले दिन यानी मंगलवार को स्टेडियम जाकर प्रदर्शन करेंगे।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications
