ब्रिस्बेन। विश्व कप से पहले भारतीय टीम का निराशाजनक प्रदर्शन जारी है। पहले ऑस्ट्रेलिया फिर इंग्लैंड के हाथों भारत को करारी हार का सामना करना पड़ा है। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम महज 154 रनों पर सिमट गयी, जिसे इंग्लैंड ने मात्र एक विकेट खोकर हासिल कर लिया।
इयान बेल के बेहतरीन 88 और जेम्स टेलर 54 रनों की मदद से इंग्लैंड ने भारत को करारी हार दी। इंग्लैंड ने 25 रन के कुल योग पर मोइन अली (8) का विकेट गंवा दिया था लेकिन इसके बाद बेल और टेलर ने 131 रन जोड़ते हुए अपनी टीम की जीत सुनिश्चित की।
बेल ने 91 गेदों का सामना कर आठ चौके लगाए जबकि टेलर ने 63 गेंदों की पारी में तीन चौके जड़े। भारत की ओर से एकमात्र सफलता स्टुअर्ट बिन्नी को मिली।इस मैच से इंग्लैंड को बोनस सहित पांच अंक मिले। तीन टीमों की तालिका में आस्ट्रेलिया नौ अंकों के साथ पहले स्थान पर है। भारत का अभी खाता भी नहीं खुला है।
इससे पहले, स्टीवन फिन (33-5) और जेम्स एंडरसन (18-4) ने धारदार गेंदबाजी करते हुए भारत को 153 रनों पर समेट दिया था।टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए भारतीय टीम 39.3 ओवर ही खेल पाई। भारत की ओर से बिन्नी ने सबसे अधिक 44 रन बनाए, जबकि कप्तान महेंद्र सिंध धौनी ने 34, अजिंक्य रहाणे ने 33 और अंबाटी रायडू ने 23 रनों का योगदान दिया।
अंतिम विकेट के तौर पर आउट होने वाले बिन्नी ने 55 गेंदों पर तीन चौके दो छक्के लगाए। रहाणे ने 40 गेंदों का सामना करते हुए एक चौका और एक छक्का लगाया, जबकि कप्तान धौनी ने 61 गेंदो का सामना करते हुए सिर्फ एक चौका लगा।
सलामी बल्लेबाज शिखर धवन (1), विराट कोहली (4), सुरेश रैना (1) और अक्षर पटेल (0) ने निराश किया। बिन्नी को रोहित शर्मा के स्थान पर मौका दिया गया था और वह अपने चयन को सही साबित करने में सफल रहे।
रोहित चोट के कारण इस मैच में नहीं खेले। रोहित ने आस्ट्रेलिया के खिलाफ पहले मैच में सैकड़ा लगाया था लेकिन इसके बावजूद भारत आस्ट्रेलिया से वह मैच चार विकेट से हार गया था।